4 देशों के दौरे पर गए PM मोदी ने की आइसलैंड -फिनलैंड और डेनमार्क के साथ वार्ता ,जानें इन मुद्दों पर हुई बात ….

एजेंसी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार देशों के दौरे के क्रम में नॉर्वे में हैं। यहां उन्होंने आज आइसलैंड,फिनलैंड और डेनमार्क के अपने समकक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें की। इस दौरान उनके बीच स्वच्छ ऊर्जा,व्यापार,सतत विकास और डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।प्रधानमंत्री मोदी ने ये बैठकें तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन से पहले कीं।

👉पीएम ने की इन देशों के समकक्षों के साथ बैठक

आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रन फ्रॉस्टडॉटिर,फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ अपनी बातचीत के दौरान,प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और तीनों नॉर्डिक देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समग्र दिशा पर चर्चा की।

मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रन फ्रॉस्टडॉटिर के साथ मेरी एक शानदार मुलाकात हुई। भारत आइसलैंड के साथ अपनी मित्रता को बहुत महत्व देता है।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने स्वच्छ ऊर्जा, मत्स्य पालन, सतत विकास, भू-तापीय ऊर्जा तथा कार्बन कैप्चर और स्टोरेज जैसे क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने लिखा कि ब्लू इकोनॉमी से संबंधित क्षेत्रों में आइसलैंड की क्षमता सराहनीय है। हमें उम्मीद है कि ऐतिहासिक भारत-ईएफटीए (यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता) व्यापार और निवेश संबंधों को भी गति प्रदान करेगा।

👉विदेश मंत्रालय ने कही ये बात

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार ओस्लो में आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के इतर मोदी और फ्रॉस्टडॉटिर के बीच हुई चर्चा में नवीकरणीय ऊर्जा, नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, आर्कटिक सहयोग और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे मुद्दे भी शामिल रहे।

👉फिनलैंड के प्रधानमंत्री ओर्पो के साथ इन मुद्दों पर हुई बात

फिनलैंड के प्रधानमंत्री ओर्पो के साथ एक अलग बैठक में,मोदी ने व्यापार और निवेश, डिजिटलीकरण,कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई),5जी और 6जी,क्वांटम प्रौद्योगिकियों, सतत विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और चक्रीय अर्थव्यवस्था में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
जायसवाल ने बताया कि उन्होंने नवाचार, शिक्षा, गतिशीलता और लोगों के बीच संबंधों पर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के शीघ्र लागू होने के महत्व पर जोर दिया। आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

👉क्या होते हैं नॉर्डिक देश?

नॉर्डिक देश उत्तरी यूरोप और उत्तरी अटलांटिक में स्थित एक भू-राजनीतिक और सांस्कृतिक क्षेत्र को संदर्भित करते हैं। इसमें डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड, नॉर्वे और स्वीडन शामिल हैं। पांचों नॉर्डिक देशों की संयुक्त जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) 1.9 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है और वे नवीकरणीय ऊर्जा तथा सतत समुद्री शासन के वैश्विक मानकों में अग्रणी हैं।

👉ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन का आयोजन

ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है, जिसमें मोदी और नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के नेता एक साथ भाग ले रहे हैं।

अधिकारियों ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन 2018 में स्टॉकहोम और 2022 में कोपेनहेगन में हुए पूर्व भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन की वार्ताओं को आगे बढ़ाएगा। साथ ही यह प्रौद्योगिकी और नवाचार, हरित परिवर्तन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, सतत विकास,’ब्लू इकोनॉमी’,रक्षा, अंतरिक्ष और आर्कटिक जैसे क्षेत्रों में नॉर्डिक देशों के साथ भारत की भागीदारी को अधिक रणनीतिक आयाम देगा।

👉 5 देशों के दौरे पर हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री 15 से 20 मई तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के दौरे पर हैं। नॉर्वे से मोदी अपने दौरे के अंतिम चरण में इटली जाएंगे।