कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. बाबा के 2 दिवसीय कोरबा दौरे ने जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे को लेकर उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और लगातार 2 दिनों तक जिलेभर में जनसंपर्क कर आम लोगों से सीधे संवाद किया।

24 मई को बुका में आयोजित विशाल आदिवासी महासम्मेलन में शामिल होते हुए टी.एस. बाबा ने कहा कि बांगो बांध विस्थापित आदिवासी परिवारों को वर्षों पहले मत्स्याखेट का अधिकार दिया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने ठेकेदारी व्यवस्था लागू कर हजारों परिवारों की आजीविका छीन ली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासी अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रही है, जबकि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों, किसानों और गरीबों की लड़ाई लड़ती रही है।


महासम्मेलन के बाद बाबा ने कटघोरा, दर्री, बालकोनगर, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा और भिलाईखुर्द समेत कई क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने पुष्पमालाओं, बैंड-बाजों और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने बिजली, पानी, रोजगार, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और पुनर्वास जैसी समस्याएं उनके सामने रखीं।
बालकोनगर और भिलाईखुर्द क्षेत्र में ग्रामीणों ने एसईसीएल विस्तार परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों की परेशानियां साझा कीं। इस पर टी.एस. बाबा ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस प्रभावित लोगों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाई जाएगी।
रविशंकर शुक्ल नगर में मीडिया से चर्चा करते हुए बाबा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, युवा और आदिवासी वर्ग परेशान हैं तथा जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
टी.एस. बाबा के इस दौरे को कोरबा में कांग्रेस संगठन के लिए नई ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय तक जनता के बीच रुककर संवाद करने और हर वर्ग की समस्याएं सुनने की उनकी शैली की कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने खुलकर सराहना की। जिले में यह उनका पहला इतना विस्तृत दौरा माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने लगातार दो दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सीधे लोगों से संपर्क किया।
इस दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

