CG : इस जिले में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान बड़ी सफलता , पाकिस्तान समर्थित स्लिपर सेल का एक संदिग्ध युवक गिरफ्तार ,ISI कनेक्शन के मिले साक्ष्य, पाकिस्तान की टारगेट में कौन ?

0 पाकिस्तान से असलहा (हथियार) मिलने के बाद पाकिस्तान द्वारा दिए गए टारगेट को मारने का काम मिला था…!

0 पाकिस्तान, सऊदी अरब, मैक्सिको के कई नंबर से ISI से था संपर्क में

जांजगीर-चाम्पा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा आपराधिक व्यक्तियों एव असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत धारा 152 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

👉किरायेदार सत्यापन के दौरान हुआ खुलासा

पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित राजीव केडिया के मकान में अन्य प्रदेशों के कई व्यक्ति किराए पर रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किरायेदारों का सत्यापन किया। इसी दौरान सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वयं को पाकिस्तान सीमा क्षेत्र के समीप का निवासी बताया, किंतु उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब तथा अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिलने का दावा किया गया।

👉ISI समर्थित नेटवर्क से संपर्क का आरोप

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित गैंग से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में था। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न माध्यमों जैसे व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार संपर्क में था।
आरोपी द्वारा छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, लोकेशन, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा किए जाने के संकेत मिले हैं।

👉मोबाइल से मिले महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य

पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कथित रूप से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर फोरेंसिक जांच हेतु भेजा गया है, ताकि संपर्कों और गतिविधियों की विस्तृत पड़ताल की जा सके।

👉हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की थी साजिश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसे कार्य सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत विवेचना एवं फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

👉राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
फिलहाल पूरे नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न डिजिटल साक्ष्यों और विदेशी संपर्कों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई हैं। प्रकरण विवेचनाधीन है तथा जांच के आधार पर आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।