KORBA : जनपद पंचायत पोंडी उपरोड़ा में जारी है जनप्रतिनिधियों का बवाल, निर्माण कार्यों का ID नहीं मिलने पर जनपद सदस्य ,सरपंचों ने 7 दिनों बाद NH -130 पर चक्काजाम की दी चेतावनी …

कोरबा। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के अंतर्गत आने वाले सभी जनपद सदस्यों और सरपंच संघ ने निर्माण कार्यों की आईडी जारी न होने के विरोध में एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। अपनी मांगों को लेकर नाराज जनप्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि अगले 7 दिनों के भीतर उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो वे जनपद कार्यालय में तालाबंदी करेंगे और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम व धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।

सौंपे गए पत्र के अनुसार, निर्माण कार्यों की आईडी न मिलने से नाराज सभी जनपद सदस्यों ने बीते 15 जून 2026 को आयोजित सामान्य सभा की बैठक का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया था। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने जनपद कार्यालय में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन भी किया था।

👉​अधिकारों के हनन का आरोप

सरपंच संघ और जनपद सदस्यों का कहना है कि बिना आईडी के निर्माण कार्यों की सटीक जानकारी और उनके भुगतान की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। इसके कारण क्षेत्र के सरपंचों को जमीनी स्तर पर काम कराने और उनके भुगतान की स्थिति जानने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने इसे सीधे तौर पर अपने अधिकारों का हनन बताया है।

👉​7 दिन का अल्टीमेटम, उग्र आंदोलन की रूपरेखा तैयार

प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए पत्र में स्पष्ट लिखा गया है कि यदि 07 दिवस के भीतर इस समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया तो सभी सरपंच और जनपद सदस्य ​अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर चक्काजाम करेंगे। ​जनपद कार्यालय में दोबारा अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। ​मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।