CG :अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रशासन के तोड़ू दस्ते पर भड़के ग्रामीण , पुनर्वास की मांग पर अड़े ,लगे ‘ वापस जाओ के नारे ‘ …

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम का ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही वार्ड क्रमांक 16 और 17 के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान अधिकारियों का घेराव किया गया तथा भाजपा नेताओं के खिलाफ “वापस जाओ” के नारे भी लगाए गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि 25 जून की तारीख वाला नोटिस उन्हें 26 जून को चस्पा किया गया, जिससे आपत्ति दर्ज कराने या वैकल्पिक व्यवस्था करने का पर्याप्त समय नहीं मिला। लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां निवासरत हैं और पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था के बिना हटाना उचित नहीं है।

वहीं प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।