KORBA : परिवार उजाड़ रहा नशे का अवैध कारोबार,नारी शक्तियों ने ही खोला मोर्चा , पुलिस की दबिश में 5 के खिलाफ हुई वैधानिक कार्रवाई …

कोरबा । जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कुसमुण्डा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भैरोताल क्षेत्र की महिलाओं द्वारा अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कई घरों में दबिश देकर पांच लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। इसके साथ ही पुलिस ने क्षेत्र की महिलाओं के साथ बैठक कर नशा मुक्ति और अपराध नियंत्रण को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया।

जानकारी के अनुसार, 25 जून को थाना कुसमुण्डा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-65 भैरोताल की सैकड़ों महिलाओं ने पुलिस को क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना कुसमुण्डा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई संदिग्ध घरों में दबिश दी। मौके पर मिले तथ्यों के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युजय पाण्डेय अपनी टीम के साथ भैरोताल बस्ती पहुंचे, जहां सामुदायिक भवन में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, पार्षद, मितानिन और बुजुर्गों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी ने महिलाओं से अपील की कि वे क्षेत्र में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी बिना किसी डर के पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर सूचना पर पुलिस त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई करेगी तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी।

बैठक के दौरान महिलाओं को अवैध शराब और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने कहा कि नशा न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि अवैध शराब बनाने, बेचने या नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोरबा पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में नशा मुक्ति, अपराध नियंत्रण और जनजागरूकता के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और जिले को नशा मुक्त बनाने के अभियान को सफल बनाया जा सके।