KORBA : धवलपुर में हाथियों का आतंक ,देर रात हमले में ग्रामीण की दर्दनाक मौत …

कोरबा। जिले के कटघोरा वन मंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धवलपुर में रविवार देर रात हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष कुमार गोंड़ 40 वर्ष, पिता शिवमंगल सिंह, निवासी ग्राम धवलपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार संतोष कुमार रविवार शाम अपनी भैंस की तलाश में जंगल की ओर गया था। देर रात करीब 9 बजे जंगल में उसका सामना विचरण कर रहे एक हाथी से हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया और कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां संतोष का शव बरामद किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता नियमानुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दी जाएगी।