कोरबा। कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हसदेव डैम से छलांग लगाकर एक 30 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। उसका शव डैम के 10 नंबर गेट के पास मिला। सुबह मछली पकड़ रहे मछुआरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30) निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, नंदनी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी और इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
👉मछुआरों ने देखा शव, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई


मंगलवार सुबह डैम के 10 नंबर गेट के पास मछली पकड़ रहे मछुआरों की नजर पानी में शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
👉पार्लर का प्रशिक्षण ले रही थी नंदनी
परिजनों ने बताया कि नंदनी पार्लर का काम सीखने जाती थी। उसका विवाह नहीं हुआ था। छोटे भाई ने बताया कि सुबह घर पर बहन नहीं मिली। बाद में डैम में युवती का शव मिलने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचा, जहां शव की पहचान नंदनी के रूप में हुई।
👉आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका अभी पता नहीं चल सका है। मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। दर्री पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
