0 ग्रामीणों से चर्चा कर जानी समस्याएं, सेवा सेतु केंद्र से न्यायालय कक्ष तक परखी व्यवस्थाएं
कोरबा।।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को तहसील कार्यालय बरपाली का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय पहुंचे आसपास के ग्रामीणों से संवाद कर उनके आगमन का उद्देश्य जाना तथा राजस्व सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने तहसील कार्यालय के विभिन्न शाखाओं एवं कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



कलेक्टर श्री दुदावत ने तहसील परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र पहुंचकर प्राप्त आवेदनों का अवलोकन किया तथा विभिन्न प्रकार के प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने न्यायालय कक्ष का निरीक्षण कर लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की तथा प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रकरणों से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने में विलंब करने वाले पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने आवक-जावक शाखा, नकल शाखा एवं आवेदन पावती रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के नियमित संधारण एवं रजिस्टरों को अद्यतन रखने के निर्देश देते हुए कार्यालयीन कार्यों की सतत मॉनिटरिंग पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने रजिस्टरों के नियमित परीक्षण में लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तहसीलदारों को सभी अभिलेखों का नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने नायब तहसीलदार कक्ष का निरीक्षण किया तथा तहसील परिसर में स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित कार्य वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित तहसीलदार एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
