कोरबा । शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था के बीच कोतवाली पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। नए थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना पदभार संभालने के बाद पुलिस ने सड़कों पर उतरकर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। देर शाम बाइक और पैदल पेट्रोलिंग करते हुए पुलिस टीम ने शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया, वहीं 11 निगरानीशुदा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया और दो टूक चेतावनी दी कि अपराध की राह पर लौटे तो सीधे कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली और चौकी मानिकपुर पुलिस ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन बाइक और पैदल पेट्रोलिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की।
👉 संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी
पुराना बस स्टैंड, सीतामणी चौक, मोतीसागरपारा, पावर हाउस रोड, राताखार चौक, सर्वमंगला, फोकटपारा, पानी टंकी मोहल्ला, शुभम ब्लॉक, मुड़ापार, रविशंकर नगर और अमरेया पारा सहित कई इलाकों में पुलिस ने विशेष निगरानी रखी। जगह-जगह वाहनों की जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
👉 11 बदमाशों के घर पहुंची पुलिस
अभियान के दौरान कोतवाली और मानिकपुर क्षेत्र के 11 निगरानीशुदा बदमाशों के घर पुलिस टीम पहुंची। उनकी मौजूदगी और गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए गए तो कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
👉यातायात और नशे के खिलाफ भी अभियान

पेट्रोलिंग के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही युवाओं और आम नागरिकों से नशे से दूर रहने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
👉अपराधियों को सख्त संदेश

हाल के दिनों में शहर में बढ़ी आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए साफ संदेश मानी जा रही है कि अब पुलिस सिर्फ थाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बदमाशों के घर तक पहुंचकर उनकी निगरानी करेगी। कोरबा पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
