कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी उस समय खूनी वारदात में बदल गई, जब मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही साथी को बोलेरो कैंपर से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन समेत फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने मीरा रिसॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल दीवान के बीच कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि पार्टी समाप्त होने और रिसॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद भी दोनों के बीच विवाद थमा नहीं। रिसॉर्ट के बाहर सड़क पर दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आए तुषार ढांडा ने अपनी बोलेरो कैंपर में बैठकर सीधे उज्ज्वल दीवान के ऊपर वाहन चढ़ा दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। साथियों ने घायल उज्ज्वल को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। फरार आरोपी और बोलेरो कैंपर की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
