कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट के बाहर एक युवक को बोलेरो कैम्पर से कुचलकर मौत के घाट उतारने वाले सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को कोरबा पुलिस ने तकनीकी जांच और तत्परता दिखाते हुए महाराष्ट्र के नागपुर से धर दबोचा है। गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो कैम्पर गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
👉जन्मदिन की पार्टी में हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 3 जुलाई 2026 की रात की है। दीपका क्षेत्र के रहने वाले करीब 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र के मीरा रिसॉर्ट आए थे। पार्टी के दौरान ही किसी बात को लेकर आरोपी तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच तीखी बहस हो गई।
👉गुस्से में गाड़ी चढ़ाकर ली जान
रिसॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद जब सभी युवक बाहर सड़क पर आए, तब दोनों के बीच एक बार फिर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आक्रोश में आकर तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैम्पर गाड़ी में बैठा और उसने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए उज्ज्वल कुमार सिंह को बुरी तरह कुचल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को उसके दोस्त तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
👉कड़ी धाराओं में मामला दर्ज

घटना के बाद उरगा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए जाल बिछाया था। लगातार दी जा रही दबिश और तकनीकी इनपुट के आधार पर आखिरकार आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
