कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। यहाँ जनपद उपाध्यक्ष और भाजपा नेता प्रकाश चन्द्र जाखड़ एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गए हैं। पसान क्षेत्र की एक महिला ने उपाध्यक्ष पर शराब के नशे में घर में घुसकर छेड़छाड़ करने, विरोध करने पर परिवार को बेरहमी से पीटने और जातिसूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़िता ने इस मामले में महिला पुलिस थाना कोरबा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है。 गौरतलब है कि प्रकाश चन्द्र जाखड़ पर इसी साल (फरवरी 2026) एक अन्य महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का भी आरोप लग चुका है। इस नए मामले के बाद इलाके में भारी आक्रोश है।
ताजा मामला: रसोई में खाना बनाते समय घर में घुसा आरोपी

महिला थाना में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार, घटना 3 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। ग्राम तराईंनार (पसान) की रहने वाली 26 वर्षीय पीड़िता अपने घर की रसोई में खाना बना रही थी और उसका पति बाहर बाड़ी की तरफ लकड़ी इकट्ठा कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जाखड़ शराब के नशे में धुत होकर जबरन महिला के घर में घुस आया。
पीड़िता का आरोप है कि जाखड़ ने उसका हाथ-बांह पकड़कर जबरदस्ती और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया, तो आरोपी ने मामला दबाने के लिए उसे पैसों का लालच भी दिया और किसी को न बताने की धमकी दी।


👉बचाने आए पति और ससुर को पीटा, दीं घिनौनी गालियां
महिला की चीख-पुकार सुनकर जब उसका पति और ससुर बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी प्रकाश चन्द्र जाखड़ ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने उन्हें जातिसूचक शब्द (‘चमार’) कहकर सरेआम अपमानित किया।
👉राजनीतिक रसूख की धौंस: “राशन कार्ड कटवा दूंगा, झूठे केस में फंसा दूंगा”
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपने राजनीतिक पद और प्रशासनिक पहुंच का धौंस दिखाते हुए पूरे परिवार को तबाह करने की धमकी दी। जाखड़ ने कहा, “मैं जनपद उपाध्यक्ष हूँ, तुम्हारा राशन कार्ड और आवास योजना कटवा दूंगा, गांव से बाहर निकलवा दूंगा और जान से मरवा दूंगा।” इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के पति को ‘तारा बाई’ नाम की किसी महिला के जरिए बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की भी धमकी दी और कहा कि एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस से उसकी ऊंची पहुंच है, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। बहरहाल प्रकरण में जनपद उपाध्यक्ष का पक्ष नहीं आ सका है।
👉इसी साल फरवरी में लग चुका है सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप

प्रकाश चन्द्र जाखड़ का विवादों से यह कोई पहला नाता नहीं है। इसी वर्ष फरवरी 2026 में उन पर एक और महिला (जयकुंवर) के साथ सामूहिक बलात्कार और हत्या करने जैसा बेहद संगीन आरोप लग चुका है। मृतका के पति गणपत सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी थी कि उसकी पत्नी की लाश सुखरी तालाब के पास मिली थी और इस घिनौने कृत्य में जाखड़ समेत अन्य आरोपी शामिल थे। उस वक्त भी आरोपी द्वारा अपने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को छुपाने और शिकायतकर्ताओं को धमकाने की बात सामने आई थी।
👉बीजेपी संगठन की चुप्पी, पीड़िता ने मांगी सुरक्षा
लगातार लग रहे इन गंभीर और आपराधिक आरोपों के बावजूद, प्रकाश चन्द्र जाखड़ या भारतीय जनता पार्टी (BJP) संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई सामने नहीं आई है, जबकि जाखड़ का नाम भाजपा की स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में शामिल है।
आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर पीड़िता और उसके परिवार ने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। फिलहाल महिला थाना पुलिस ने शिकायत पत्र के आधार पर मामले को जांच में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
