CG : आराम की जगह जनसेवा को प्राथमिकता ,अवकाश के दिन IAS दयाराम के ने GPM कलेक्टर का संभाला कार्यभार …

जीपीएम । गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम ने रविवार को शासकीय अवकाश के दिन ही कलेक्टर पद का कार्यभार ग्रहण कर अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों की शुरुआत की। छुट्टी के दिन पदभार संभालने के उनके फैसले को जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के तौर पर देखा जा रहा है और इसकी जिलेभर में चर्चा हो रही है। रविवार को कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने नए कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया।

अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिले की विशेष पहचान और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान‘ से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्रसिद्ध विष्णुभोग चावल का पैकेट भी नए कलेक्टर को भेंट किया गया। इसे जिले की सांस्कृतिक और कृषि विरासत से जोड़कर देखा जा रहा है। स्वागत कार्यक्रम में अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेग, जिला कोषालय अधिकारी धर्मेंद्र सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सभी अधिकारियों ने नए कलेक्टर का अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। शासकीय अवकाश के दिन पदभार ग्रहण कर विजय दयाराम ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि प्रशासनिक कार्यों में समय से अधिक महत्वपूर्ण जनहित और सेवा है। माना जा रहा है कि वे जिले में विकास योजनाओं की गति बढ़ानेए प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देंगे।

👉अब नई प्रशासनिक दिशा की उम्मीद

जिले के नए कलेक्टर के रूप में विजय दयाराम के सामने शासन की प्राथमिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयनए विकास कार्यों में तेजी और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना प्रमुख चुनौती होगी। जिले के लोगों को भी नए प्रशासनिक नेतृत्व से बेहतर और संवेदनशील प्रशासन की उम्मीद है।

👉GPM जिले के आठवें कलेक्टर बने विजय दयाराम

विजय दयाराम के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के आठवें कलेक्टर हैं। उनसे पहले जिले में शिखा राजपूत तिवारी, डोमन सिंह, नम्रता गांधी, ऋचा प्रकाश चौधरी, प्रियंका ऋषि महोबिया, लीना कमलेश मंडावी और डॉ. संतोष कुमार देवांगन कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब विजय दयाराम के सामने जिले के विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी होगी।