KORBA : फूटा फर्जी ‘लेटर पैड ‘ बम ,भाजपा के दिग्गज जनप्रतिनिधि का फर्जी हस्ताक्षर कर पास करा लिए 1 करोड़ के काम ! बंद कमरे में लगी जमकर क्लास …

कोरबा : जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों एक फर्जी लेटर पैड का मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है। यह हाई-प्रोफाइल मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कद्दावर और निर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधि से जुड़ा है, जिनके बेहद खास ‘शिल्पी सलाहकार’ ने ही उनके राजनीतिक रसूख का फायदा उठाकर एक बड़ा खेल कर दिया।

👉​फर्जी लेटर पैड से 1 करोड़ से अधिक के कार्य स्वीकृत

​अंदरूनी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस शिल्पी सलाहकार ने जनप्रतिनिधि के नाम का फर्जी लेटर पैड तैयार किया और उस पर उनके जाली हस्ताक्षर भी कर दिए। इसके बाद, इस शातिर दिमाग सलाहकार ने सीधे राजधानी रायपुर में इस लेटर को जमा कर दिया। इस फर्जीवाड़े के दम पर जनपद पंचायत क्षेत्र पाली की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 1 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत भी करा लिए गए।

👉​भनक लगते ही बंद कमरे में लगी क्लास, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

​जब इस पूरे फर्जीवाड़े की भनक जिले के उस कद्दावर भाजपा जनप्रतिनिधि को लगी, तो हड़कंप मच गया। तत्काल उनके द्वारा अपने इस खास शिल्पी सलाहकार को तलब किया गया और मामले पर जवाब मांगा गया। पूछताछ में सलाहकार पहले तो पूरी तरह से अपनी बात से मुकर गया, जबकि पुख्ता सबूत उसी की तरफ इशारा कर रहे थे कि फर्जी लेटर पैड और नकली दस्तखत का यह पूरा ताना-बाना उसी ने बुना था।

👉​सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर:

अज्ञात सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बात से मुकरने पर बंद कमरे में उस शिल्पी सलाहकार की जमकर फटकार लगाई गई है और उसे कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मामले की लिखित सूचना पुलिस थाने में भी दर्ज करा दी गई है।

👉​प्रशासनिक और राजनीतिक हलके में मची खलबली

​कद्दावर जनप्रतिनिधि के फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल कर 1 करोड़ से अधिक के काम पास कराने के इस खुलासे के बाद से ही पूरे पाली और कोरबा क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस अब इस मामले में मिली सूचना के आधार पर जांच की तैयारी कर रही है, जिसके बाद कई बड़े चेहरों पर गाज गिर सकती है।

सोर्स – centralchattisgarh.com