KORBA : कलेक्टर जनदर्शन में खाद्य निरीक्षक पर लोजपा (रा) जिला अध्यक्ष को SC/ST एक्ट में फंसाने धमकी देने का आरोप, कलेक्टर से की गई शिकायत ,बताया खाद्य अधिकारी से यह खास कनेक्शन …

​कोरबा। जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के जिला अध्यक्ष राजकुमार दुबे और खाद्य निरीक्षक संतोष कंवर के बीच तीखी बहस होने का मामला शिकायत पत्र के जरिए प्रकाश में आया है। लोजपा जिला अध्यक्ष ने खाद्य निरीक्षक पर जनदर्शन जैसे जन-कल्याणकारी मंच पर शासकीय अधिकारियों को गुमराह करने और विरोध करने पर सरेआम फर्जी मामलों सहित SC/ST एक्ट में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले को लेकर उन्होंने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

👉​क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ (IAS) आम जनता की शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान लोजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार दुबे खाद्य विभाग और नागरिक आपूर्ति निगम से जुड़ी गंभीर शिकायतों को लेकर उपस्थित हुए थे। आरोप है कि जिला खाद्य अधिकारी स्वयं उपस्थित न होकर अपनी जगह खाद्य निरीक्षक संतोष कंवर को भेजे थे।
​जब सीईओ महोदय ने आवेदन पर जानकारी मांगी, तो खाद्य निरीक्षक संतोष कंवर द्वारा भ्रामक और गलत जानकारी दी जाने लगी। जब राजकुमार दुबे ने इस पर आपत्ति जताई, तो खाद्य निरीक्षक अपना आपा खो बैठे और जनदर्शन परिसर में ही सबके सामने उन्हें फर्जी मुकदमों और SC/ST एक्ट के तहत जेल भिजवाने की खुली धमकी दे डाली।

👉​भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के भी गंभीर आरोप

​कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में राजकुमार दुबे ने विभाग में चल रहे भाई-भतीजावाद पर भी बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य निरीक्षक संतोष कंवर, जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर के करीबी रिश्तेदार हैं। इसी संरक्षण के कारण उनके प्रभाव वाले क्षेत्रों और कटघोरा क्षेत्र की राशन दुकानों (PDS) में भारी अव्यवस्था और भ्रष्टाचार चरम पर है।

​”आदिवासियों और दलितों के संरक्षण के लिए बने SC/ST कानून का राजनीतिक व व्यक्तिगत द्वेष के लिए ‘हथियार’ के रूप में दुरुपयोग करने की नीयत बेहद आपत्तिजनक है। इससे जनदर्शन जैसे सुरक्षित मंच की मूल भावना आहत हुई है।”

– राजकुमार दुबे, जिला अध्यक्ष, लोजपा (रा)

👉​कड़ी कार्रवाई और तबादले की मांग

​लोजपा नेता ने कलेक्टर से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और शासकीय मंच पर झूठ बोलने व धमकी देने वाले खाद्य निरीक्षक के खिलाफ तत्काल कड़ी अनुशासनात्मक व विभागीय दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, जिला खाद्य अधिकारी से रिश्तेदारी की जांच कर उन्हें तत्काल कोरबा जिले से अन्यत्र स्थानांतरित करने की बात कही है। इस शिकायत की प्रतिलिपि लोजपा प्रदेश अध्यक्ष, खाद्य सचिव (छ.ग. शासन) और पुलिस अधीक्षक कोरबा को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। आरोपों के संदर्भ में फिलहाल खाद्य निरीक्षक ,खाद्य अधिकारी का पक्ष नहीं आ सका है।