कोरबा। मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार में सवार होकर खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी और हुड़दंग करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। अपनी जान के साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा खतरे में डालने वाले युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आ गई। दीपका पुलिस ने तत्काल वाहन की पहचान कर कार जब्त की और तीनों युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

जानकारी के अनुसार, दीपका मुख्य मार्ग पर वाहन क्रमांक सीजी 12 बीडी 7800 में तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। कार चालक प्रकाश चौहान के साथ मोहन सिंह और महेंद्र सिंह मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चलती कार की खिड़कियां खोलकर दो युवक बाहर की ओर निकले हुए थे और तेज रफ्तार वाहन में स्टंटबाजी कर रहे थे। युवकों की इस हरकत से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। मुख्य मार्ग से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ गई थी।
इस पूरी घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर उसे जब्त किया और तीनों युवकों पर कार्रवाई की।
👉सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों को सख्त संदेश
पुलिस ने तीनों युवकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और हुड़दंग कर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
