कोरबा । गोढ़ी-पंडरीपानी राखड़ डेम से राखड़ परिवहन में अनियमितता की शिकायत की जांच में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का मामला सामने आया है। संयुक्त जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कोरबा को प्राप्त शिकायत के बाद मामले की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जिला परिवहन अधिकारी तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी की संयुक्त टीम गठित की गई थी। जांच दल ने ग्राम बोईदा में राखड़ भराव के लिए अनुमति प्राप्त स्थल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान विद्युत संयंत्र से मिली जानकारी के अनुसार ऐश डाइक से ग्राम बोईदा स्थित अनुमति प्राप्त स्थल तक कुल 43 ट्रिप राखड़ का परिवहन किया जाना बताया गया था, लेकिन मौके पर निरीक्षण के दौरान अनुमति प्राप्त स्थल पर राखड़ का वास्तविक भराव नहीं मिला। इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए 1277 टन राखड़ की मात्रा के आधार पर संबंधित विद्युत संयंत्र पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई गई है।

क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग की रोकथाम के लिए पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। नियमों के विरुद्ध राखड़ का परिवहन एवं डंपिंग करने वाले वाहनों को पकड़ने की कार्रवाई भी की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
