कोरबा । कोरबा में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने पुरानी बस्ती रानी रोड से एक कथित सटोरिये को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद इसाक कुरैशी उर्फ निक्की के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था और सट्टा-पट्टी भी लिख रहा था। उसके मोबाइल में ऑनलाइन सट्टा साइटों से जुड़ी जानकारी और विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले हैं।

जानकारी के मुताबिक पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक आज दोपहर पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे मोहम्मद इसाक कुरैशी ऑनलाइन साइटों के माध्यम से सट्टा खेल रहा है और खिला रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने टीम और गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी को कथित तौर पर सट्टा खेलते पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की तो उसमें श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण नामक ऑनलाइन साइटों से संबंधित जानकारी तथा विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, मोबाइल फोन और नकद रकम भी जब्त की गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टा खेलने के लिए लाखों रुपये के ऑनलाइन UPI लेन-देन की जानकारी भी मिली है।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इसाक कुरैशी उर्फ निक्की, पिता स्वर्गीय इस्माइल कुरैशी, निवासी वार्ड क्रमांक 6, पुरानी रानी रोड, को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 968/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत कार्रवाई की गई है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और आसपास ऐसी गतिविधियों की जानकारी नजदीकी थाना-चौकी या डायल 112 पर देने की अपील की है।
