KORBA : बंद पड़े राखड़ डैम को दोबारा शुरू कराने पहुंचे अतिरिक्त मुख्य अभियंता की फिसली जुबान ,कहा – “मारना पड़े तो मारो ” वायरल वीडियो से भड़का जनाक्रोश ….

कोरबा। जिले के लोतलोता स्थित बंद पड़े राखड़ डैम को दोबारा शुरू कराने पहुंचे सीएसईबी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पांडे का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अधिकारी के कथित तौर पर ऐसे शब्द सुनाई दे रहे हैं, जिन्हें लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त नाराजगी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि राखड़ डैम का लंबे समय से ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। इसी बीच डैम को पुनः शुरू कराने पहुंचे अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बहस हो गई। इसी दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पांडे के कथित बयान, “मारना पड़े तो मारो”, का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया।

वीडियो वायरल होते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप है कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे ग्रामीणों के साथ प्रशासनिक अधिकारी द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद आपत्तिजनक है। अब ग्रामीण इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लोतलोता राखड़ डैम पहले से ही पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को लेकर विवादों में रहा है। ऐसे में अधिकारी का कथित बयान सामने आने के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। सोशल मीडिया पर भी वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पांडे की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।