KORBA : महापौर के बेटे व निज सहायक पर ठेकेदार को धमकाने का आरोप, 22 लाख भुगतान रोकने की चेतावनी देकर निविदा से दूर रहने का दबाव, पूर्व पार्षद ने उप मुख्यमंत्री समेत उच्च अधिकारियों से की शिकायत,देखें शिकायत …

कोरबा। नगर निगम में ठेकेदारी के काम को लेकर दबाव, निविदा प्रक्रिया में हस्तक्षेप और भुगतान रोकने की धमकी देने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पूर्व पार्षद एवं निगम में करीब 10 वर्षों से निर्माण कार्यों का ठेका लेने वाले मनक राम साहू ने महापौर संजू देवी राजपूत के पुत्र संजय राजपूत और निज सहायक सचिन तिवारी के खिलाफ शिकायत की है। आरोप है कि निविदाओं में हिस्सा लेने से रोकने के लिए दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर करीब 22 लाख रुपये का लंबित भुगतान रोकने की धमकी दी गई।

श्री साहू ने अपनी शिकायत उप मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री और कोरबा के प्रभारी मंत्री अरुण साव को भेजी है। इसकी प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तथा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे को भी सौंपी गई है। पत्र पर 23 नवंबर 2026 की तारीख दर्ज है। संबंधित कार्यालयों में शिकायत प्राप्त होने की मुहर भी लगी हुई है।

👉22 लाख भुगतान अटका होने का दावा

पूर्व पार्षद मनक राम साहू का कहना है कि नगर निगम में उनके द्वारा कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों के बदले करीब 22 लाख रुपये लंबे समय से नहीं मिले हैं। ठेकेदारी ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। भुगतान लंबित रहने से आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। इसी बीच निविदा प्रक्रिया में भाग लेने से रोकने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया है।

👉टीआई होने का रौब दिखाकर फंसाने की धमकी

शिकायत के अनुसार, महापौर के पुत्र संजय राजपूत ने कथित तौर पर निगम की निविदाओं में हिस्सा नहीं लेने की चेतावनी दी। आरोप है कि बात नहीं मानने पर लंबित भुगतान जारी नहीं करने और पुलिस विभाग में टीआई होने का रौब दिखाकर झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी गई। साहू ने इस पूरे घटनाक्रम को दबाव और भय पैदा करने की कोशिश बताया है।

👉निगम के कामकाज में हस्तक्षेप पर सवाल

साहू ने शिकायत में आरोप लगाया है कि महापौर के पुत्र की पदस्थापना बिलासपुर जिले में होने के बावजूद वे कोरबा नगर निगम परिसर में लगातार नजर आते हैं। निगम के दैनिक कामकाज में दखल, ठेकेदारों के बीच कथित सेटिंग और निविदा प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाते हुए उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर किस आधिकारिक हैसियत से निगम के कार्यों में हस्तक्षेप किया जा रहा है। किसी प्रतिनियुक्ति या अन्य व्यवस्था के तहत उनकी निगम में भूमिका है या नहीं, इसकी जांच की मांग भी की गई है।

👉निज सहायक की भूमिका भी जांच के घेरे में

शिकायतकर्ता ने महापौर के निज सहायक सचिन तिवारी पर भी ठेकेदारों को प्रभावित करने, दबाव बनाने और कथित वसूली गतिविधियों में भूमिका होने के आरोप लगाए हैं। निगम की निविदा प्रक्रिया को लेकर ठेकेदारों में रोष और भय का माहौल होने का दावा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

👉परिवार को भी खतरे की आशंका जताई

साहू ने पत्र में कहा है कि कथित दबाव और धमकियों से वह तथा उनका परिवार भयभीत हैं। मानसिक परेशानी के साथ आर्थिक संकट भी बढ़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में उनके खिलाफ झूठा प्रकरण दर्ज कराया जा सकता है अथवा परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। शिकायत में समय रहते हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग करते हुए किसी भी अनहोनी के लिए संबंधित लोगों को जिम्मेदार ठहराने की बात कही गई है।