0 करोड़ों के फंड के उपरांत भी विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं ,अनियमिताओं को उजागर करने वाली शिक्षिका के निलंबन गिरफ्तारी , विरोध करने वाले आदिवासी परिवार के अभिभावकों पर ही आदिवासी मुख्यमंत्री की सरकार में FIR से भड़का जनाक्रोश, बस्तर राज मोर्चा,आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में पालकों,छात्रों ने किया प्रदर्शन ,NESTS की खामोशी पर उठे सवाल !
0 चरमराई व्यवस्था को दुरुस्त करने सौंपी गई जिम्मेदारी में भी असफल रहे असद अहमद ,निलंबन वापसी ,निष्पक्ष जांच ,और प्राचार्य समेत ,कलेक्टर ,एसपी को हटाने की मांग पर अड़े
हसदेव एक्सप्रेस न्यूज माकड़ी (कोंडागांव) । जिले के माकड़ी विकासखण्ड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर में व्याप्त प्रशासनिक,वित्तीय अनियमितता को उजागर करने वाली शिक्षका पर ही एफआईआर दर्ज कर निलंबन किए जाने एवं आवाज उठाने वाले आदिवासी समाज के अभिभावकों,समाज प्रमुखों पर एफआईआर दर्ज किए जाने की घटना से बस्तर में बवाल मचा हुआ है। रविवार को बस्तर राज मोर्चा,आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में पालकों,छात्रों ने घण्टों विरोध प्रदर्शन कर जिम्मेदार प्राचार्य ,व आदिवासियों पर अत्याचार करने वालों को संरक्षण प्रदान करने वाले कलेक्टर एसपी को हटाने समेत निलंबित शिक्षिका की बहाली की मांग को लेकर घण्टों प्रदर्शन किया।जिससे स्थानीय प्रशासन समेत पूरे संभाग में हड़कम्प मच गया। हालांकि जिला प्रशासन ने मामले में नियमानुसार जांच का आश्वासन देकर किसी तरह जनाक्रोश को शांत करा दिया है,लेकिन इस घटना के बाद जहां अभिभावकों सामाजिक संगठनों का आक्रोश पूरी तरह शांत नहीं हुआ है तो वहीं मामले में प्रशासनिक कार्रवाईं नहीं होने पर NESTS की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठ रहे।
छत्तीसगढ़ के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में जनजातीय मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) द्वारा पदस्थ प्राचार्य असद अहमद अपने कार्यशैली को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इन्हीं के कार्यकाल में इसी वर्ष कोरबा जिले के छुरीकला के छात्र-छात्राओं ने मेस से दिए जा रहे नाश्ता -भोजन की गुणवत्ता से लेकर विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी एवं कथित दुर्व्यवहार समेत अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर 3 मर्तबा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।लिहाजा कोरबा से हटाकर ये बस्तर जिले के दरभा भेजे गए थे। लेकिन माहान्त पूर्व इनकी पदस्थापना कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखण्ड के विवादित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर में की गई थी। उम्मीद थी कि विद्यालय प्रबंधन छात्रों के बीच चला आ रहा गतिरोध का ये पटाक्षेप करेंगे । लेकिन ये यहाँ भी नाउम्मीदी छोंड़ गए। NESTS एवं स्थानीय जिला प्रशासन की उम्मीदों पर असफल रहे। रविवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर में व्याप्त प्रशासनिक,वित्तीय अनियमितता को उजागर करने वाली शिक्षका प्रियंका परिहार पर ही एफआईआर दर्ज कर निलंबन की कार्रवाईं किए जाने एवं आवाज उठाने वाले आदिवासी समाज के अभिभावकों,समाज प्रमुखों पर एफआईआर दर्ज कर डराने धमकाने की घटना से बस्तर में बवाल मचा हुआ है। रविवार को बस्तर राज मोर्चा,आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में पालकों,छात्रों ने घण्टों विरोध प्रदर्शन कर जिम्मेदार प्राचार्य ,व आदिवासियों पर अत्याचार करने वालों को संरक्षण प्रदान करने वाले कलेक्टर एसपी को हटाने समेत निलंबित शिक्षिका की बहाली की मांग को लेकर घण्टों प्रदर्शन किया। हालांकि जिला पुलिस प्रशासन ने मामले में सौंपे गए 15 सूत्रीय मांगो वाली ज्ञापन में नियमानुसार जांच का आश्वासन दिया है । कानून व्यवस्था को हाथ में न लेने की समझाइश व चेतावनी दी है।।
इस वजह से हुआ प्रदर्शन👇
👉शामपुर एकलव्य को ही अकेले मिले करीब 13 करोड़, सुविधाओं पर उठे सवाल ?
शामपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय को वित्तीय वर्ष 2023-24 में 11.09 करोड़ रुपये और वर्ष 2024-25 में 1.89 करोड़ रुपये, यानी कुल करीब 12.98 करोड़ रुपये की राशि आवंटित होने का दावा किया गया है। इसके बावजूद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, खेल सामग्री और अन्य निर्धारित सुविधाएं नहीं मिलने के आरोप सामने आए हैं। बच्चों की ओर से पूर्व में समाज प्रमुखों को दिए गए पत्र का हवाला देते हुए दावा किया गया कि उन्हें पीने के लिए साफ पानी तक उपलब्ध नहीं होता और बाथरूम के नलों का पानी इस्तेमाल करना पड़ता है।
👉आवासीय विद्यालयों के खाने में कीड़े और एक्सपायरी सामान के आरोप
बच्चों की शिकायतों में भोज की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दावा किया गया कि कई बार खाने में कीड़े पाए गए और कथित तौर पर एक्सपायरी सामान का इस्तेमाल किया जाता है। इससे बच्चों के बार-बार बीमार पड़ने की बात भी शिकायत में कही गई है। शिकायत में हॉस्टल के कमरों में चार-पांच बच्चों के रहने, बाथरूम की नियमित सफाई नहीं होने, नए सत्र में ड्रेस और किताबें नहीं मिलने तथा कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध नहीं होने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। खेल मैदान नहीं होने के बावजूद बच्चों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए भेजे जाने का दावा किया गया है।
👉भ्रष्टाचार उजागर करने वाली शिक्षिका पर ही करा दी एफआईआर ,निलंबन, एफआईआर दर्ज कराकर पालकों समाज प्रमुखों की आवाज दबाने की कोशिश से भड़का जनाक्रोश आंदोलन में परिवर्तित

शामपुर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में व्याप्त अनियमिताओं ,संचालन ,सुरक्षा व्यवस्था आदि में खामियों को उजागर करने वाली शिक्षिका प्रियंका परिहार पर ही उल्टे विद्यालय प्रबंधन की सिफारिश पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की गई । निलंबन की कार्रवाईं भी कर दी गई। हालांकि पूर्व मंत्री मोहन मरकाम से मिलने के 24 घण्टे के भीतर ही शिक्षिका को जमानत मिल गई थी। लेकिन निलंबन अभी बहाल नहीं हुआ है। इससे आक्रोशित छात्रों अभिभावकों ने जब इसका सामाजिक संगठन के साथ विरोध किया तो उन पर भी एफआईआर दर्ज कराने की जानकारी विश्वस्त सूत्रों से सामने आई। जिसके उपरांत रविवार को बस्तर राज मोर्चा,आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में पालकों,छात्रों ने घण्टों विरोध प्रदर्शन कर जिम्मेदार प्राचार्य ,व आदिवासियों पर अत्याचार करने वालों को संरक्षण प्रदान करने वाले कलेक्टर एसपी को हटाने निलंबित शिक्षिका की बहाली समेत प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की ।
👉बोले पूर्व मंत्री मोहन मरकाम – सरकार किसी की भी हो आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली बच्चियों की सुरक्षा, निजता और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए


पूर्ववर्ती भूपेश सरकार में मंत्री रहे मोहन मरकाम ने कोंडागांव के शामपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की अव्यवस्थाओं को बेहद गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की । उन्होंने अभिभावकों के आंदोलन को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे किसी भी पार्टी की सरकार हो आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली बच्चियों की सुरक्षा, निजता और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने स्कूल में एक्सपायरी खाद्य सामग्री परोसने और छात्राओं के बाथरूम के पास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने जैसी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।
👉कांग्रेस ने जिले के कलेक्टर-एसपी पर लगाए गंभीर आरोप ?

आदिवासी कांग्रेस के कोंडागांव जिलाध्यक्ष विनोद सोरी ने पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में जनहित के मुद्दे उठाने वालों की आवाज दबाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। सोरी ने कोंडागांव कलेक्टर और एसपी पर प्रशासनिक व्यवस्था की आलोचना बर्दाश्त नहीं करने का आरोप लगाया।
👉तो क्या करोड़ों के फंड की लूट के लिए ताक पर रखे जा रहे नियम ,दबाई जा रही आवाज ?
जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) नई दिल्ली प्रवर्तित एवं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आदिम जाति कल्याण, आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति द्वारा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। संचालन का उद्देश्य दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जनजाति (ST) के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना है।
इसके लिए छत्तीसगढ़ में आयुक्त / पदेन सचिव छ.ग. राज्य आदिम जाति कल्याण, आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति (भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा प्रवर्तित एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित) द्वारा मेस संचालन, विद्यालय संचालन सह शैक्षणिक गतिविधियों के लिए प्रतिवर्ष मदवार करोड़ों रुपए का आबंटन प्रदान किया जाता है। लेकिन प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में बच्चों के शिक्षा, भोजन, उपचार, शैक्षणिक सामाग्री एवं दैनिक आवश्यकता की सामाग्रियों के लिए करोड़ों रूपए के प्राप्त आबंटन राशि में क्रय की गई सामाग्रियों की गुणवत्ता, पारदर्शिता को लेकर वर्तमान शिक्षा सत्र में ही कोरबा जिले के कटघोरा विकासखण्ड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला एवं सरगुजा जिले के बतौली विकासखण्ड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शिवपुर के बाद अब कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखण्ड के शामपुर में विद्यालय में मेस संचालन में व्याप्त अनियमितताओं गुणवत्तापूर्ण, निर्धारित मीनू अनुसार नाश्ता भोजन प्रदाय नहीं करने, शैक्षिक समस्याओं के निदान को लेकर विद्यालय प्रबंधन की अनदेखी से आक्रोशित छात्र छात्राओं को पालकों के साथ सड़क में उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या करोड़ों के फंड के बंदरबाट की वजह से सारे नियम कायदे ताक में रखे जा रहे? और विरोध के स्वर दबाए जा रहे?
👉RTI को बनाया मजाक,छुपाई जा रही जानकारी
शासकीय एवं अनुदान प्राप्त संस्थाओं में प्रदत्त फंड की पारदर्शिता,विश्वसनीयता बनाए रखने आम जनता को भी फंड का पूरी जानकारी प्राप्त करने का अधिकार प्रदान करने संसद द्वारा पारित केंद्रीय कानून सूचना का अधिकार भी आम जनता का हथियार नहीं बन पा रहा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में करोड़ों के फंड की बंदरबाट हो रही । और बस्तर संभाग समेत पूरे प्रदेश के अधिकाँश एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में NESTS के संरक्षण की वजह से प्राचार्य आवेदकों को जानकारी देना तो दूर पत्र व्यवहार तक करना तक मुनासिब नहीं समझ रहे। बस्तर संभाग के ही दरभा ,माकड़ी(शामपुर) ,गीदम,कटेकल्याण, कुआकोण्डा,दंतेवाड़ा, रुद्राराम, बीजापुर,बेसोली,करपावंड़ छेरीबेड़ा , एर्राबोर समेत अन्य स्कूलों में आरटीआई का माख़ौल उड़ाई गई है। दरभा से माकड़ी के शामपुर में प्राचार्य पद पर असद अहमद की पदस्थापना हुई है। जो आरटीआई का जवाब तो दूर पत्राचार तक करना मुनासिब नहीं समझते। इन सबकी शिकायत उच्च कार्यालय तक पहुंच गई है। तो वहीं कोरगांव,बेड़मा, सुकमा,दूर्गुकोंदल ,सुरही नरहरपुर जैसे स्कूलों में निरीक्षण पंजी तक संधारित नहीं की गई है जिसमें जिला स्तरीय समिति के पदेन अध्यक्ष कलेक्टर एवं पदेन सचिव सहायक आयुक्त आदिवासी विकास के निरीक्षण टीप हों। जिससे बड़े भ्रष्टाचार की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। इनकी भी शिकायत आयुक्त NESTS को की गई है। सक्षम अधिकारियों के द्वारा निरीक्षण नहीं किए जाने से प्रति छात्र 2750 रुपए की शिष्यवृत्ति के बाद भी बच्चों को न सीजनल उपलब्धता अनुरूप फल मिल रहा न ही मिलेट प्रधान राज्य होने के बावजूद मिलेट दी जा रही है। जबकि शासन द्वारा बच्चों को मिलेट्स व सीजनल फल दिए जाने का स्पष्ट फरमान है। बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर इसका खासा असर पड़ रहा है।
👉बहरहाल शामपुर की घटना को लेकर संपर्क स्थापित नहीं हो पाने की वजह से विद्यालय प्रबंधन का पक्ष नहीं आया है । विद्यालय प्रबन्धन का पक्ष आने पर उसे भी प्राथमिकता से उठाया जाएगा।
