कोरबा। परसाभाठा मुख्य मार्ग के प्रस्तावित फोरलेन चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय रहवासियों और व्यवसायियों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। वार्ड पार्षद बद्रीकिरण के नेतृत्व में सैकड़ों प्रभावित महिला-पुरुष पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा। रहवासियों ने स्पष्ट किया कि वे सड़क विकास और यातायात व्यवस्था में सुधार के विरोधी नहीं हैं, लेकिन चौड़ीकरण के नाम पर वर्षों पुराने मकानों और दुकानों को तोड़कर उन्हें बेघर तथा बेरोजगार करना स्वीकार नहीं करेंगे।

नागरिकों ने बताया कि मुख्य मार्ग के दोनों ओर कई परिवार पिछले 50-60 वर्षों से रह रहे हैं। अनेक छोटे व्यवसायियों की आजीविका भी इन्हीं दुकानों पर निर्भर है। उनका कहना है कि वर्तमान सड़क की चौड़ाई को व्यवस्थित करते हुए 16-17 मीटर में यातायात सुचारू किया जा सकता है। बजरंग चौक से रिस्दी रोड स्थित टाटा मोटर्स तक सड़क की मरम्मत, बेहतर रखरखाव और यातायात प्रबंधन से भी समस्या का समाधान संभव है।
रहवासियों ने मुआवजे के प्रस्ताव पर भी असहमति जताते हुए कहा कि उन्हें आर्थिक मुआवजे से अधिक अपने पुश्तैनी मकान और वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए व्यवसायों को बचाने की चिंता है। उन्होंने बालको प्रबंधन द्वारा वर्ष 2012-13 में बंद किए गए परसाभाठा से अमर सिंह होटल तक के पुराने सार्वजनिक मार्ग को दोबारा खोलने की संभावना तलाशने की मांग भी उठाई।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रभावित नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके हितों की रक्षा के लिए साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। नागरिकों ने प्रशासन से तोड़फोड़ की कार्रवाई से पहले प्रभावितों से संवाद और वैकल्पिक व्यवस्थाओं का तकनीकी परीक्षण कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों का कहना है कि विकास जरूरी है, लेकिन इसकी कीमत वर्षों से बसे परिवारों के घर और रोजगार उजाड़कर नहीं चुकाई जानी चाहिए।
