CG: मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता की हत्या करने 5 -5 लाख में दी गई थी सुपारी, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार ,फरार मास्टरमाइंड की तलाश …

बिलासपुर । कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह हमला सुनियोजित हत्या की साजिश का हिस्सा था। पुलिस के मुताबिक गौरेला निवासी एक व्यक्ति ने कांग्रेस नेता की हत्या कराने के लिए हमलावरों को पांच-पांच लाख रुपये की सुपारी देने का लालच दिया था। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कथित मास्टरमाइंड अभी भी फरार है।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला की ये वारदात तारबहार थाना क्षेत्र में घटित हुआ था। पुलिस के अनुसार 4 जुलाई की सुबह श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक पर घर से निकले थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और डंडों से उनके सिर, हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। घटना की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद नितिन टेकाम, एक अन्य आरोपी और एक नाबालिग सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गौरेला निवासी दीपक तिवारी ने कांग्रेस नेता की हत्या के लिए हमलावरों को पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था। पुलिस के मुताबिक, वारदात के दिन दीपक तिवारी भी बिलासपुर में मौजूद था। उसने घटनास्थल के पास श्याम कश्यप की पहचान कर हमलावरों को हमला करने का इशारा किया, जिसके बाद आरोपियों ने डंडों से जानलेवा हमला किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल जब्त कर लिया है।

मामले में मुख्य साजिशकर्ता दीपक तिवारी अभी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं भी जोड़ दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। पुलिस ने आरोपी नितिन टेकाम व उसके साथी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग को बाल न्यायालय में पेश किया गया। घटना में इस्तेमाल बाइक और एक मोबाइल जब्त किया गया है।