CG : सरगुजा में सराफा कारोबारी से दिनदहाड़े 1 करोड़ के जेवरातों की उठाईगिरी ,मचा हड़कम्प ,वारदात CCTV में कैद …

सरगुजा । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दिनदहाड़े सराफा कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों और पुलिस के बीच हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि व्यस्त बाजार और नेशनल हाईवे-43 से सटे इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी की स्कूटी से जेवरात से भरा बैग कुछ ही सेकंड में लेकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह 11ः30 बजे कारोबारी अपनी स्कूटी में ज्वेलरी का बैग रखकर दुकान पहुंचा था। उसने बैग को स्कूटी के ऊपर रख कर दुकान की शटर का ताला खोलने लगा। इस दौरान शातिर उठाईगिर युवक पीछे से पहुंचे और बैग उठाकर फरार हो गया। पूरी वारदात इतने कम समय में घटित हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस एक नकाबपोश युवती की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसका इस वारदात से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संभावित भागने के रास्तों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के जेवरात की उठाईगिरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पहले भी चोरी और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि कई मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। घटना ने एक बार फिर व्यस्त बाजारों में व्यापारियों की सुरक्षा और कानून.व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।