👉🏻सरपंच की शिकायत पर विभाग ने बताया- पुराना ठेका निरस्त किया
कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा के ग्राम पंचायत कटबितला अंतर्गत बरीडीह से कटबितला पहुंच मार्ग पिछले डेढ़ वर्ष से अधूरा पड़ा है। सड़क निर्माण के नाम पर मार्ग को खोदकर बोल्डर बिछा दिए गए, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया। नतीजा यह है कि इस बारिश में ग्रामीणों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। बरसात में कीचड़ और गड्ढों के कारण हालात और भी बदतर हो गए हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों के लिए यह मार्ग खतरे का कारण बन चुका है।

समस्या को लेकर ग्राम पंचायत कटबितला की सरपंच श्रीमती अचला कंवर ने कलेक्टर और पीडब्ल्यूडी अधिकारी को पत्र लिखकर सड़क निर्माण तत्काल पूरा कराने की मांग की थी। उन्होंने पत्र में बताया कि ठेकेदार द्वारा सड़क उखाड़ने के बाद बोल्डर डाल दिए गए, जिससे लोगों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ठेकेदार यह कहकर पल्ला झाड़ रहा है कि उसका टेंडर समाप्त हो चुका है, जबकि सड़क आज भी अधूरी पड़ी हुई है।
सरपंच के पत्र के जवाब में छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के कार्यपालन अभियंता ने स्वीकार किया है कि संबंधित सड़क का कार्य डी.सी. कंस्ट्रक्शन द्वारा किया जा रहा था। समय सीमा में कार्य पूरा नहीं करने पर विभाग ने दिसंबर 2025 में ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर दिया। अब शेष कार्य को पूरा कराने के लिए री-टेंडर (पुनः निविदा) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और नई एजेंसी तय होने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा। हालांकि विभाग ने ठेका निरस्त होने की जानकारी दे दी है, लेकिन इससे ग्रामीणों की परेशानी कम नहीं हुई है।
