कांकेर । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मलेरिया के अचानक बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बीते दो दिनों में सरकारी छात्रावास में रहने वाले दो बच्चों की मलेरिया से मौत हो गई है, जबकि दूसरे छात्रावास में रहने वाले 11 छात्रों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी और जांच अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक डोमाहर्रा गांव की रहने वाली तीन सगी बहनों को तेज बुखार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें 9 वर्षीय करीना विश्वकर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी दोनों बहनों का उपचार जारी है। वहीं, मर्दापोटी छात्रावास में कई बच्चों को बुखार और सिरदर्द की शिकायत के बाद जांच कराई गई, जिसमें चार छात्र मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इनमें 9 वर्षीय छात्र सुभाष कुमेटी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे घर ले गए थे।

हालत गंभीर होने पर दोबारा अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, एक अन्य छात्रावास में रहने वाले 11 छात्रों में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी संक्रमित बच्चों का इलाज शुरू कर दिया गया है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर ने बताया कि जिले में अचानक मलेरिया का आउटब्रेक सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित छात्रावासों और आसपास के गांवों में कैंप लगाकर लोगों की जांच कर रही हैं।
संक्रमित मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और सभी छात्रावासों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु ने बताया कि 22 जुलाई को सभी छात्रावासों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई गई थी, जिसमें कोई भी बच्चा मलेरिया संक्रमित नहीं मिला था। हालांकि 24 जुलाई के बाद अचानक मलेरिया के मामले तेजी से सामने आने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में मलेरिया जांच अभियान तेज कर दिया है।
छात्रावासों और गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, बुखार से पीड़ित लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है और मच्छरों की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। दो मासूम बच्चों की मौत और लगातार बढ़ते संक्रमण ने जिले में चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग लोगों से बुखार, ठंड लगना या सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने और इलाज में देरी न करने की अपील कर रहा है।
