CG : शक निगल गया प्रेम ,नशे में धुत्त प्रेमी ने प्रेमिका के गले में घोंपा चाकू ,दम तोड़ने से पहले लिख दिया हत्यारे प्रेमी का नाम ,चंद घण्टे में पहुंचा हवालात …

सूरजपुर । जिले में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेड के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवती शहर के नेहरू पार्क में घुमने पहुंची थी। जहां बाइक सवार युवक उसके पास आया और उस पर चाकू से गर्दन पर हमला कर दिया। इस चाकू के जानलेवा हमले में चाकू गले के आर-पार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती बचने के लिए पार्क में कुछ दूर भागने के बाद गिर गयी। जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से पहले युवती ने कागज पर हमलावर का नाम लिख दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के मुताबिक लटोरी की रहने वाली 19 वर्षीय राधिका राजवाड़े सूरजपुर में एक अधिवक्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। रविवार शाम वह घर से निकली और नेहरू पार्क पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी रितेश राजवाड़े ने उसे फोन कर पार्क बुलाया था। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि चाकू गले के आर-पार हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले के बाद भी राधिका ने हिम्मत नहीं हारी। वह जान बचाने के लिए पार्क में दौड़ी, लेकिन अधिक खून बहने के कारण कुछ दूर जाकर गिर पड़ी। पार्क में मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।

हालत नाजुक होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गले में गंभीर चोट होने के कारण राधिका बोल नहीं पा रही थी। पुलिस जब उसका बयान लेने पहुंची तो उसने इशारे से कागज और पेन मांगा और कथित हमलावर का नाम लिख दिया। पुलिस के लिए यही सबसे अहम सुराग साबित हुआ। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और युवती द्वारा लिखे गए नाम के आधार पर देर रात आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के समय आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था। इसी आशंका के चलते उसने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद ही होगा। सार्वजनिक पार्क में हुई इस वारदात ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ते हिंसक अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।