KORBA : एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला में पेयजल समस्या ,गुणवत्ताहीन भोजन परोसे जाने का आरोप, आक्रोशित छात्रों ने विधायक का रास्ता रोक सुनाई पीड़ा, कलेक्टर ने सहायक आयुक्त की अध्यक्षता में 4 सदस्ययीय समिति गठित कर दिए जांच के आदेश….

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। बस्तर जिले के धुरगुड़ा स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के प्रदर्शन का मामला अभी शांत नहीं हुआ है कि सोमवार को आकांक्षी जिला कोरबा के छुरीकला स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं ,भोजन की गुणवत्ता ,पेयजल सुविधाओं की कमी को लेकर शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल को घेरकर नाराजगी जताई। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत गठित नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (NESTS) द्वारा
संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) में प्रदर्शन ने जहां प्रशासनिक जवाबदेहिता एवं निगरानी व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़े कर दिया है वहीं शाला समयावधि में एकाएक 300 से अधिक छात्रों का क्लास छोंड़कर विधायक के समक्ष शिकायत दर्ज कराए जाने की घटना ने विद्यालय की छवि धूमिल किए जाने व गुटीय राजनीति की आशंकाओं को बल दे दिया है। प्रकरण में कलेक्टर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास की अध्यक्षता में 4 सदययीय जांच समिति गठित कर एक सप्ताह के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

यहाँ बताना होगा कि सोमवार को विद्यालय में शाला प्रवेशोत्सव का अयोजन किया गया था। कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को मुख्य अतिथि के रूम में आमंत्रित किया गया था। विद्यालय परिसर में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम खत्म होने के बाद विधायक अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे। तभी बड़ी संख्या में छात्रों ने विधायक की गाडी के सामने खड़े होकर उन्हे घेर लिया। छात्रों ने विधायक से शिकायत की कि उन्हे अक्सर दूषित भोजन और पेयजल परोसा जाता है।

जिसके कारण विद्यायल के कई छात्र खाज-खुजली सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि विद्यालय का मेस कथित तौर पर फर्जी नाम से संचालित किया जा रहा है। परोसे जा रहे भोजन में कीड़े मिल रहे हैं और एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थ व दवाइयों का वितरण किया जा रहा है।
साथ ही सरकारी वाहनों के दुरुपयोग और मनमाने तरीके से काम करने के आरोप भी लगाए गए। अभिभावकों ने प्राचार्य को तत्काल हटाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली और सहायक आयुक्त को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों द्वारा लगाए गए आरोपों ने एक बार फिर आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इन आरोपों पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रों की शिकायतों में कितनी सच्चाई है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

👉सख्त शिक्षा व्यवस्था का असर या संचालन में खोट ? जांच उपरांत सामने आएगी वास्तविकता

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला में छात्रों द्वारा विधायक के समक्ष विद्यालय की प्रशासनिक एवं छात्रावास की संचालन व्यवस्था को लेकर की गई शिकायत ने कई तरह के सवालों को हवा दे दी है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला का अधिकारियों ,जनप्रतिनिधियों द्वारा समय समय औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाता रहा है।इस दौरान कभी इस तरह की समस्याएं व अव्यवस्थाओं को छात्रों ने अधिकारियों जनप्रतिनिधियों के समक्ष कभी नहीं रखा। चलती क्लॉस छोंड़कर अचानक 300 से अधिक छात्र छात्राओं का विधायक के गाड़ी के समक्ष उन्हें घेरकर खड़े हो जाने की घटना ने विद्यालय के अंदर गुटबाजी की संभावनाओं को बल दे दिया है। बता दें कि मौजूदा वक्त में एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो गई है।
नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (NESTS) द्वारा
चयनित शिक्षकों की नियुक्ति की गयी है। जो कि सीबीएसई नियमों के तहत छात्रों के अध्यापन कार्य और अन्य गतिविधियों का क्रियावन्यन सुनिश्चित कर रही है। आशंका जतायी जा रही है कि इन सख्त नियमों का पालन भी छात्रों के लिए आपत्ति और विरोध का कारण हो सकता है। जांच के उपरांत ही वास्तविकता सामने आ सकेगी।

👉शिकायतों की जांच के लिए कलेक्टर ने की 4 सदस्यीय समिति गठित,हफ्ते भर के भीतर प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला में छात्रों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 4 सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी।
कलेक्टर श्री दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वर्जन

शिकायत की जांच कर रहे,माहाँत तक पेयजल समस्या का हो जाएगा निदान

छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रों द्वारा विभिन्न शिकायतें की गई हैं। ड्राई जोन की वजह से बोरवेल फेल होने की वजह से विद्यालय में पेयजल की समस्या बरकरार है जिसका माहाँत तक निदान कर लिया जाएगा। मेस संचालन में नाश्ते के निर्धारित मीनू संबंधी समस्या भी दुरुस्त की जाएंगी।
4 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। सभी पहलुओं पर छात्रों स्टॉफ का बयान लेकर जांच प्रतिवेदन कलेक्टर सर के समक्ष आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्तुत करेंगे।

श्रीकांत कसेर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास,कोरबा(छ.ग)।