0 पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शुरू की जांच
कोरबा । जनपद सदस्य अक्षय गर्ग हत्याकांड में एक नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। मामले के मुख्य गवाह को जान से मारने की धमकी देने और न्यायालय में बयान बदलने का दबाव बनाने का आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से गवाहों और उनके परिजनों में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पसान थाना क्षेत्र के लोकाड़ा निवासी और हत्याकांड के मुख्य गवाह कमलेश टीकम ने कटघोरा पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और उन्हें तथा उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोपी ने कथित तौर पर अदालत में बयान बदलने और आरोपियों के पक्ष में गवाही देने का दबाव भी बनाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 332(1) और 351 के तहत अपराध दर्ज किया है। चूंकि घटना पसान थाना क्षेत्र की है, इसलिए कटघोरा पुलिस ने शून्य (0) पर एफआईआर दर्ज कर केस डायरी आगे की जांच के लिए पसान थाना भेज दी है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और धमकी देने वाले व्यक्ति के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि चर्चित अक्षय गर्ग हत्याकांड में मुख्य आरोपी मुस्ताक अहमद समेत 3 अन्य आरोपी पहले से ही न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। इसके बावजूद मुख्य गवाह को कथित रूप से धमकी मिलने की घटना ने कानून-व्यवस्था और गवाहों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद अब पुलिस प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ धमकी देने वाले आरोपियों तक पहुंचना और मामले में किसी भी तरह की न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशों पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
