कोरबा। दुकान के सामने कचरा फेंक रहे व्यापारी को रोकने-टोकने पर उसने निगम के स्वच्छता निरीक्षक को धमकाया। आरोप है कि उसने मंत्री,पूर्व् मंत्री व महापौर का नाम लेते हुए किसी से नहीं डरने की भी बात कही।

दरअसल, पथर्रीपारा निवासी उत्तम दास महन्त 59 वर्ष, नगर पालिक निगम कोरबा में स्वच्छता निरीक्षक के पद पर पदस्थ है। वह विगत 30 जून की शाम लगभग 6 बजे तानसेन चौक से बुधवारी बाजार, पावर हाउस रोड में सफाई कार्य हेतु निरीक्षण पर था। अपनी ड्यूटी के दौरान अपने अधीनस्थ साथियों के साथ पावर हाउस रोड में राहुल बैग हाउस के सामने पहुंचा तो देखा कि कचरा का ढेर पड़ा हुआ था। निरीक्षण के दौरान ही राहुल बैग हाउस के अजय धामेचा द्वारा कचरा मुख्य मार्ग में फेंका जा रहा था। आरोप है कि उत्तम दास द्वारा मना करने पर अजय धामेचा एवं उसके बड़े भाई दीपक धामेचा द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। उक्त घटना के समय निगम के साथी कर्मचारी सतानंद द्विवेदी, सचिन्द्र थवाईत, शैलेंद्र नामदेव, पंकज गबेल, अजीत परमहंस मौजूद थे। आरोप है कि उन दोनों के द्वारा गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के साथ बोला गया कि मंत्री लखन लाल देवांगन, जय सिंह अग्रवाल एवं संजू देवी राजपूत भी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते हैं। मेरी पहुंच इतनी है कि पूरे शहर के लोगों द्वारा नगर निगम कार्यालय में घुसाकर मारपीट करा दूंगा। उक्त घटनाक्रम की प्राथमिकी उत्तम दास महंत ने कोतवाली में दर्ज करा दी है जिस पर अजय धामेचा, दीपक धामेचा के विरुद्ध धारा 296, 3(5), 351(3) BNS के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है।
