CG : एनालॉग पनीर को लेकर एक्शन मोड़ में सरकार , रायपुर रेलवे स्टेशन में 500 किलो एनालॉग पनीर जब्त …

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित एनालॉग (नकली) पनीर की अवैध सप्लाई के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन से करीब 500 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के माध्यम से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पनीर की खेप प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजने की तैयारी है। सूचना के आधार पर टीम ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर जांच की और संदिग्ध खेप को अपने कब्जे में ले लिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जब्त पनीर को छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में सप्लाई किया जाना था। विभाग ने पनीर के नमूने जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं इसके स्रोत, परिवहन और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में एनालॉग पनीर की बिक्री, भंडारण और वितरण पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद अवैध रूप से इसकी सप्लाई करने का प्रयास किया जा रहा था। मामले में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा है कि प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री और परिवहन रोकने के लिए प्रदेशभर में विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।