जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने मंदिरों में हुई सिलसिलेवार चोरी का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नवागढ़ और बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के तीन मंदिरों से करीब 16 लाख 60 हजार रुपये मूल्य के चांदी के छत्र, मुकुट, सोने के आभूषण, दान पेटी और नगदी की चोरी की थी। मामले में एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 1 और 2 अगस्त की दरमियानी रात आरोपियों ने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महंत स्थित चंडी दाई मंदिर और ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर को निशाना बनाया था। तीनों मंदिरों से चांदी के छत्र, नौ चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण, दान पेटी और नगदी चोरी कर ली गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने स्वयं घटनास्थलों का निरीक्षण किया और साइबर टीम के साथ नवागढ़ एवं बम्हनीडीह पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के संभावित आने-जाने वाले मार्गों तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध दिखाई दिए। साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने घुटिया गांव के प्रशांत पटेल, प्रभात पटेल और परमानंद पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा सामान, वारदात में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे। आर्थिक तंगी से उबरने के लिए उन्होंने मंदिरों में चोरी की साजिश रची थी।
