CG : राजधानी में कल्याण ज्वेलर्स लूटने की कोशिश नाकाम, दिल्ली -बिहार के 3 डकैत गिरफ्तार …

रायपुर । राजधानी रायपुर में पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की बड़ी साजिश को गुढ़ियारी थाना पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (दिल्ली), सुशांत कुमार पासवान (दिल्ली) और मयंक सिंह (मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 वर्ष बताई गई है।

👉मुखबिर की सूचना से खुला पूरा प्लान

डीसीपी (उत्तर) दीपमाला कश्यप ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चल रही प्रोएक्टिव पुलिसिंग के दौरान बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक गैस कटर की तलाश में हैं और रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नई सड़क पर बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी में हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका निशाना पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स था।

👉अप्रैल में कर चुके थे रेकी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के एक सदस्य ने 1 अप्रैल 2026 को ज्वेलरी शोरूम की रेकी की थी। उसने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के रास्तों और भागने के संभावित रूट की जानकारी जुटाकर फोटो अपने साथियों को भेजी थी। फरार आरोपी मोबाइल के जरिए पूरी योजना की निगरानी कर रहे थे।अब पुलिस फरार आरोपियों, हथियारों के स्रोत और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी है।