थलापति विजय -संगीता का नहीं होगा तलाक ,पत्नी संगीता ने फैमिली कोर्ट से वापस ली याचिका …

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता सी. जोसेफ विजय (थलापति विजय) के परिवार से जुड़ा चर्चित तलाक मामला शुक्रवार को नया मोड़ ले गया। उनकी पत्नी संगीता सोर्नालिंगम ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई संक्षिप्त सुनवाई के दौरान संगीता ने अदालत को बताया कि वह अब इस याचिका को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं। इसके बाद अदालत ने मामले को बंद कर दिया।

👉कई महीनों से सुर्खियों में था मामला

यह मामला फरवरी 2026 में उस समय चर्चा में आया था, जब संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। इसके बाद कई बार सुनवाई टली और दोनों पक्षों की ओर से अदालत में विभिन्न आवेदन प्रस्तुत किए गए। मामले की संवेदनशीलता और दोनों की सार्वजनिक पहचान को देखते हुए सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी कराई गई थी।

👉सुनवाई के दौरान वापस ली याचिका

शुक्रवार को हुई सुनवाई में संगीता ने अदालत के समक्ष अपनी तलाक याचिका वापस लेने की इच्छा जताई। अदालत ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए याचिका को वापस लेने की अनुमति दे दी और मामले को समाप्त घोषित कर दिया। अदालत में हुई यह प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो गई।

👉विजय की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान

तलाक की अर्जी वापस लिए जाने के बाद भी मुख्यमंत्री विजय या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं संगीता की ओर से भी इस फैसले के पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों के बीच आपसी सहमति बनी है या यह केवल कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा फैसला है।

👉राजनीति और फिल्म जगत में रही थी चर्चा

थलापति विजय का निजी जीवन लंबे समय से मीडिया और प्रशंसकों की नजर में रहा है। अभिनेता से राजनीति में आने के बाद उनकी व्यक्तिगत जिंदगी से जुड़ी खबरों ने भी व्यापक चर्चा बटोरी थी। तलाक की याचिका दायर होने के बाद यह मामला तमिलनाडु की राजनीति और फिल्म उद्योग दोनों में सुर्खियों में रहा।
अब याचिका वापस लिए जाने के बाद अटकलों का दौर फिर शुरू हो गया है, हालांकि दोनों पक्षों की ओर से कोई औपचारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।