KORBA : सागौन बाड़ी में महिला की अधजली -अर्धनग्न लाश मिली ,पूर्व प्रेमी व साथी ने दोस्त से शारीरिक सम्बन्ध बनाने से इंकार करने पर पेट्रोल से जलाया, एक आरोपी गिरफ्तार, पूर्व प्रेमी फरार …

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले वन्य ग्राम डूमरमुड़ा के सागौन बाड़ी में एक अज्ञात महिला की अर्धनग्न और अधजली लाश बरामद हुई। खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में शोक मिश्रित सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में मृतका की पहचान उपरांत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, साथी की तलाश जारी है।
शनिवार को मिले शव की जानकारी पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे कटघोरा CHC में सुरक्षित रखवाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार को जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नितीश ठाकुर, एसडीओपी विजय राजपूत, फोरेंसिक टीम के डॉ. सत्यजीत कोसरिया और थाना प्रभारी एमबी पटेल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मौके से महिला की टूटी हुई चूड़ियां और कुछ रुपये भी बरामद किए गए।

👉 मृतका की पहचान थी बड़ी चुनौती

चूंकि बरामद शव अर्धनग्न होने के साथ उसके चेहरे पर कपड़ा रखकर आग लगा देने से पूरा चेहरा जल गया। इस कारण से पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना था। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास के इलाकों से साक्ष्य एकत्र किया। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों एवं त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप जानकारी मिली की एक महिला ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा निवासी शुक्रवार रात से ग़ायब है। अंततः उसकी पहचान …… कोरवा लगभग 45 वर्ष, ग्राम अमलडीहा के रूप में हुई।

👉अंतिम बार देखे गए थे महिला के साथ

मृतका की पहचान हो जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया। ज्ञात हुआ कि मृतक चरवाहा का काम करती थी और मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर जाया करती थी। उस महिला के संपर्क में रहने वाले व्यक्तियों एवं घटना से जुड़े संभावित संदिग्धों की जानकारी एकत्रित की गई। पता चला कि घटना के पूर्व शाम को ग्राम अमलडिहा निवासी किरण कुमार पटेल पिता चैतराम पटेल एवं अजय कुमार धनवार को महिला के साथ अंतिम बार देखा गया था। उक्त जानकारी के आधार पर दोनों संदिग्धों की पतासाजी की गई। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए थे।

👉 तकनीकी साक्ष्य को नकार नहीं सका आरोपी

पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार पतासाजी करते हुए किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया किन्तु उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में गहन पूछताछ किए जाने पर उसके द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई।

👉 सम्बन्ध बनाने से मना करने पर मार डाला

पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, घटना के दिन दोनों आरोपी मृतका को घटनास्थल की ओर ले गए थे, जहां तीनों द्वारा शराब का सेवन किया गया। उसके बाद मृतका और अजय कुमार धनवार के बीच पूर्व से संबंध होने से शारीरिक शारीरिक संबंध बनाया गया। बाद में किरण कुमार पटेल द्वारा भी मृतका के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया गया जिस बात को लेकर विवाद हो गया और दोनों आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इनके चंगुल से बचने और जान बचाने के लिए मृतका ने काफी संघर्ष किया जिससे उसकी चूड़ियां टूट गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों द्वारा मृतका के चेहरे पर उसके कपड़ रखकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई तथा फरार हो गए। मामले में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 296/2026 धारा 103(1) BNS के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।