कोरबा। सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज और लाइक्स पाने के चक्कर में युवक खतरनाक स्टंट करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। कोरबा के हेलीपैड क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां चलती बोलेरो की खिड़की से बाहर निकलकर एक युवक स्टंट करता नजर आया। वीडियो में उसके हाथ में शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बोलेरो चालक राहुल पटेल की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। स्टंट में इस्तेमाल बोलेरो को भी जब्त किया गया है।
👉चलती बोलेरो में खतरनाक स्टंट

जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक बोलेरो वाहन CG 12 BK 5855 में सवार होकर कोरबा के हेलीपैड क्षेत्र पहुंचे थे। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि वाहन के चलते समय एक युवक खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट कर रहा है।
बताया जा रहा है कि स्टंट के दौरान युवक के हाथ में शराब की बोतल भी थी। इस तरह की लापरवाही से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता था।
👉वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने शुरू की जांच
युवकों ने स्टंट का वीडियो बनाकर खुद ही सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो सामने आने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।
पुलिस ने वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन तथा उसमें सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास किया। जांच में बोलेरो चालक राहुल पटेल की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और स्टंट में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया।
👍मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बोलेरो के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ में युवकों ने कथित तौर पर बताया कि वे सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे और ज्यादा व्यूज पाने के लिए स्टंट किया था।
👉हेलीपैड क्षेत्र में पहले भी हो चुकी है स्टंटबाजी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हेलीपैड क्षेत्र में पहले भी कुछ युवक वाहन लेकर पहुंचते रहे हैं और वहां स्टंट करते हुए रील बनाते हैं। खुले मैदान और अपेक्षाकृत कम आवाजाही वाले क्षेत्र को युवक स्टंट के लिए इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, ऐसी स्टंटबाजी से किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।
👉स्टंटबाजों पर लगातार कार्रवाई
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में स्टंट और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स के लिए अपनी या दूसरों की जान खतरे में डालने वाले स्टंट से बचें।
