CG : दुरंतो एक्सप्रेस में 2 संदिग्ध युवकों से 1.96 करोड़ के 1.24 किलो विदेशी सोना जब्त , RPF DRI ने की संयुक्त कार्रवाई …

रायपुर। आरपीएफ क्राइम ब्रांच और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। जब्त सोने में 7 गोल्ड बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। जब्त सोने की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई जा रही है।

👉रायपुर से मिली सूचना, ट्रेन में शुरू हुई जांच

जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर को सूचना मिली थी कि रायपुर से रवाना हुई ट्रेन संख्या 12262 दुरंतो एक्सप्रेस में दो युवक कथित तौर पर बड़ी मात्रा में विदेशी सोना लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ टीम ने ट्रेन की लोकेशन ट्रैक की। ट्रेन के नागपुर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम को DRI नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच के निर्देश दिए गए।

👉B-12 कोच में मिले 2 संदिग्ध

संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में जांच शुरू की। इसी दौरान भंडारा-नागपुर के बीच B-12 कोच में दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 1.242 किलो विदेशी सोना बरामद हुआ। सोने में 7 बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल बताई गई है।

👉DRI ने संभाली जांच

आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को जब्त सोने के साथ DRI नागपुर को सौंप दिया। DRI ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। DRI दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

👉सोने की तस्करी के नेटवर्क की तलाश

जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी सोना कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। सोने की तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर-रायपुर और DRI नागपुर की संयुक्त कार्रवाई को रेलवे में अवैध गतिविधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।