RJ : स्कूल की कैंटीन से पेटीस खाने के बाद बारहवीं के छात्र की मौत ,मचा हड़कम्प ,परिजनों ने लगाए स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप …

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों के मुताबिक, लंच टाइम में स्कूल कैंटीन से पेटीज खाने के बाद छात्र की तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर गया। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बृजमंडल कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय प्रिंस सोनी के रूप में हुई है। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर समय पर इलाज और प्राथमिक उपचार नहीं देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

👉पेटीज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार घटना लंच टाइम के दौरान करीब 11 बजे की है। प्रिंस ने स्कूल की कैंटीन से पेटीज खरीदी और खाने के बाद उसके गले में कुछ अटक गया। क्लासमेट के मुताबिक, वह पानी पीने के लिए गया, लेकिन कुछ देर बाद बेहोश होकर गिर पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय उसके मुंह से झाग निकल रहा था और होंठ नीले पड़ गए थे। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

👉अस्पताल पास होने के बावजूद इलाज में देरी का आरोप

मृतक के चाचा ने आरोप लगाया कि छात्र की हालत बिगड़ने के बाद स्कूल स्टाफ ने उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय परिजनों को फोन कर स्कूल बुलाया। परिजनों का दावा है कि स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर अस्पताल होने के बावजूद छात्र को तुरंत वहां नहीं ले जाया गया।
परिजन स्कूल पहुंचे और प्रिंस को नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मणिपाल अस्पताल रेफर किया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

👉क्लासमेट ने बताई आखिरी वक्त की कहानी

प्रिंस के क्लासमेट ने बताया कि लंच से पहले वह बिल्कुल सामान्य था और दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था। पेटीज खाने के बाद अचानक उसके गले में कुछ अटक गया। पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गया।
छात्र का आरोप है कि स्कूल स्टाफ ने प्रिंस को लिटाकर रखा और अन्य छात्रों को उससे मिलने नहीं दिया। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

👉CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के मुताबिक परिजनों ने स्कूल प्रशासन की कथित लापरवाही को छात्र की मौत से जोड़ते हुए शिकायत दी है। पुलिस स्कूल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

👉स्कूल पहुंचकर परिजनों ने किया हंगामा

छात्र की मौत की खबर के बाद परिजन और बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंचे। लोगों ने स्कूल प्रशासन और स्टाफ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।