एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, दौसा में खड़ी ट्रक से टकराई स्लीपर बस ,लगी आग ,जिंदा जल गए 8 यात्री ,21 घायल,13 की हालत नाजुक, मची चीख पुकार ….

इंदौर/दौसा । राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर आ रही एक निजी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 यात्री घायल हुए हैं। इनमें 13 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर.के. मीणा के अनुसार, आठों यात्रियों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई थी। मृतकों में इंदौर के पांच यात्रियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, इंदौर निवासी निर्मला, पत्नी चंद्रप्रकाश की मौत की पुष्टि हुई है। बस में झाबुआ और बड़वानी के यात्री भी सवार थे। दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।पुलिस के मुताबिक, 6 लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई। कई यात्री अंदर ही फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग और धुएं के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बस करीब एक घंटे तक जलती रही।

हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, झाबुआ निवासी धरमसिंह और काली देवी भी बस में यात्रा कर रहे थे, लेकिन उनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस यात्रियों की पहचान और लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बस के स्टोरेज बॉक्स में बड़ी मात्रा में सिगरेट के पैकेट रखे हुए थे, जिसकी वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि अब तक घायलों में से केवल 9 लोगों की पहचान हो सकी है। बाकी यात्रियों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास जारी है। आशंका जताई जा रही है कि गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है।