उज्जैन। उज्जैन के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रील बनाने का मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद सोशल मीडिया पर एक रील वायरल होने से प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठे। मामले की जांच के बाद मंदिर समिति ने सुरक्षा एजेंसी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और लापरवाही के आरोप में तीन सुरक्षाकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है।
👉वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया मंदिर प्रशासन

शुक्रवार को इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे थे। इस दौरान मंदिर परिसर में उनके द्वारा रील बनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मंदिर में कैमरे से फोटो और वीडियो बनाने पर पूरी तरह रोक होने के कारण प्रबंधन ने घटना को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कराई।
👉5 लाख का जुर्माना, 3 सुरक्षाकर्मियों की छुट्टी
जांच में सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने कोर सिक्योरिटी कंपनी पर पांच लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया। इसके साथ ही ड्यूटी में जिम्मेदारी नहीं निभाने वाले तीन कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया।
मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
👉पहले भी विवादों में आ चुका है रुद्राक्ष का नाम
रुद्राक्ष शुक्ला से जुड़े विवाद का यह पहला मामला नहीं बताया जा रहा है। इससे पहले भी उनके गर्भगृह में बिना अनुमति प्रवेश करने की बात सामने आई थी। इसके अलावा देवास की माता टेकरी में पुजारी के साथ विवाद को लेकर भी उनका नाम चर्चा में रहा था।
मंदिर समिति की इस कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि मंदिर की धार्मिक मर्यादा और निर्धारित नियमों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
