कोरबा। बाँकीमोंगरा पुलिस ने बलगी सबस्टेशन में हुई डकैती की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से डकैती में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। इसके अलावा पुलिस ने डकैती के 2 अन्य मामलों का भी खुलासा किया है।

बलगी सबस्टेशन में हुई डकैती की घटना के बाद बाँकीमोंगरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की जानकारी जुटाई और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजपाल चौहान (22) निवासी जामनीमूड़ा, थाना पाली, फिरोज मेमन (27) निवासी भिलाईबाजार, थाना हरदीबाजार, निकेश कुमार कश्यप (21) निवासी शुक्लाखार, थाना बाँकीमोंगरा और होरीलाल केवट (24) निवासी शांतिनगर, थाना कुसमुण्डा शामिल हैं। इनके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
