KORBA : हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण पर उर्जानगरी में कांग्रेस का सत्याग्रह ,बोले पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल – भाजपा की ऐसी सोच शर्मनाक , यह दलित समाज के अपमान तथा छुआछूत जैसी मानसिकता को दर्शाती है…

कोरबा । उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के पश्चात मंच के कथित शुद्धिकरण के विरोध में कोरबा में कांग्रेस ने सत्याग्रह किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक निहारिका से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक घंटाघर तक पैदल मार्च निकाला।

सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर सामाजिक भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली में मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के शुद्धिकरण का मामला बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच शर्मनाक है और यह दलित समाज के अपमान तथा छुआछूत जैसी मानसिकता को दर्शाती है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जीवनभर छुआछूत और ऊंच-नीच के भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसके नेताओं के आचरण में गांधी और अंबेडकर का नाम लेने तथा उनके विचारों के विपरीत काम करने का विरोधाभास दिखाई देता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सामाजिक समानता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हल्द्वानी मामले की निंदा की।