KORBA : रक्षाबंधन में मिलावटी दूषित मिठाइयों की बिक्री पर नकेल कसने बाजार में उतरी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ,मिठाइयों के लिए सैंपल ,रिपोर्ट आने तक लोगों के गले उतर चुकी होगी मिठाई , त्वरित जांच की सुविधा नहीं होने से विभागीय औपचारिकता बना सैम्पल कलेक्शन

कोरबा। भाई बहन के अटूट स्नेह का पर्व रक्षाबंधन पर्व पर मिठाई की बढ़ती मांग से मिलावट एवं दूषित मिठाइयों को खपाने से रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है । एहतियात टीम ने “बने खाबो–बने रिहबो 2.0” अभियान के तहत गुरुवार को करतला ब्लॉक में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के सैंपल(नमूने लिए । लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब तक लिए गए इन नमूनों के रिपोर्ट खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला बिलासपुर ,रायपुर से आएंगे तब तक रक्षाबंधन का पर्व बीत चुका होगा,मिलावटी मिलावटी भी लोगों के गले उतर चुकी होगी। लिहाजा इस जांच को विभागीय औपचारिकता का निर्वहन करना कहना उचित होगा।

20 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करतला स्थित शारदा होटल से रसगुल्ला और भोला भवानी जलपान गृह से बेसन लड्डू का सैंपल लिया। मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर जांच के उद्देश्य से दोनों नमूनों को रायपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर निगाह टिकी है। रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

👉त्यौहार में मिठाइयों की बढ़ी मांग, विभाग ने कसी निगरानी

रक्षाबंधन के दौरान मिठाइयों की बिक्री में तेजी आती है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा महीने की शुरुआत से ही जिले के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है। विभाग का उद्देश्य बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।

“बने खाबो–बने रिहबो 2.0” के तहत 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के साथ लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

👉जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य विभाग की टीम ने स्पष्ट किया है कि लिए गए सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अभी मिठाइयों में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।
कार्रवाई में अभिहित अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।

👉उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील

त्योहार के दौरान मिठाई खरीदते समय उपभोक्ताओं को साफ-सफाई, निर्माण तिथि, पैकिंग, गुणवत्ता और प्रतिष्ठान की स्वच्छता पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को देने की अपील भी की गई है।

👉सामाजिक सरोकार:

त्योहार की मिठास तभी पूरी होगी, जब वह स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित भी हो। खाद्य सुरक्षा विभाग की सैंपलिंग और निगरानी कार्रवाई का सीधा संबंध आम लोगों के स्वास्थ्य से है। रक्षाबंधन जैसे त्योहार में परिवारों तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचे, इसके लिए बाजार की निगरानी बेहद जरूरी है।