शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में देर शाम यूट्यूबर और हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने जिम से बाहर निकलते समय अंकित बालियान पर कई राउंड फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे थे। उन्होंने अंकित बालियान को निशाना बनाकर कई गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
शामली के पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
अंकित बालियान यूट्यूब पर भी काफी लोकप्रिय थे। बताया जा रहा है कि उनके चैनल पर 3.66 लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे। वह अपने वीडियो में गायक और कलाकार के तौर पर नजर आते थे और कई अन्य कलाकारों के साथ काम कर चुके थे। उनके कुछ वीडियो में बंदूक, हथियार और एसयूवी भी नजर आती थीं।
अंकित बालियान की हत्या पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान तथा हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
