हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा । जनपद पंचायत करतला के 2 प्रमुख पंचायत पूर्व सांसद दिवगंत डॉ.बंशीलाल महतो जी का गृह ग्राम पंचायत सलिहाभांठा एवं ग्राम पंचायत कनकी में जिला पंचायत स्थाई सचिवों की नियुक्ति नहीं कर सका। दोनों पंचायतों की बागडौर प्रभारी सचिव के जिम्मे डाल दिया गया है।

जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन द्वारा जारी आदेशानुसार जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत गांडापाली में पदस्थ सचिव श्री ओमप्रकाश भास्कर को ग्राम पंचायत सलिहाभांठा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है । इसी तरह ग्राम पंचायत गुमिया में पदस्थ पंचायत सचिव खिलेश कुमार पटेल को ग्राम पंचायत कनकी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। निश्चित तौर सचिवों की कमी से प्रभार देना विभागीय मजबूरी मानी जा सकती है परंतु इन दो बड़े चर्चित पंचायतों में प्रभार वाली प्रथा ने पंचायत प्रतिनिधियों समेत ग्रामीणों को हैरत में डाल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह व्यवस्था क्षणिक समयावधि के लिए है तब तो ठीक है अन्यथा इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। दो -दो पंचायतों की बागडौर एक पंचायत सचिव के भरोसे देना उचित नहीं । इससे पंचायत का विकास कार्य प्रभावित होगा,साथ ही सचिव की नियमित उपस्थिति नहीं होने से आमजन को भी सचिव से जुड़े विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए परेशानी उठानी पड़ेगी। करीब एक डेढ़ माह पूर्व ही जनपद पंचायत करतला द्वारा यह तर्क देकर कि एक पंचायत सचिव 2 पंचायतों की जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं कर सकता कहकर तत्कालीन जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग के समक्ष अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश को संशोधित कराया गया था। नए सीईओ के आते ही जनपद पंचायत करतला अपने उस तर्कों से उलट अब दो महत्वपूर्ण पंचायतों की कमान प्रभारी सचिवों को सौंप दिया है। जिससे जानकार हैरत में हैं कि पहले से ही एक पंचायत की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे पंचायत सचिव कैसे अतिरिक्त पंचायतों की दोहरी जिम्मेदारी का संजीदगी एवं समयबद्धता से निर्वहन कर पाएंगे ।
