CG : थाना परिसर के बाहर लगा वाटर कूलर बना काल, छूते ही युवक को लगा करंट, मौके पर ही तोड़ा दम , बचाने पहुंचा आरक्षक भी झुलसा

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को हैरान कर दिया। विधानसभा थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर को छूते ही एक युवक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे एक पुलिस आरक्षक को भी करंट लगने से चोट आई है। घटना के बाद CSEB की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

👉पानी पीने पहुंचा था युवक, वाटर कूलर छूते ही लगा करंट

मृतक युवक की पहचान रमेश ठाकुर (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिल्हा, जिला बिलासपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक रमेश किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पानी पीने पहुंचा। जैसे ही उसने वाटर कूलर को छुआ, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा।

👉युवक को बचाने पहुंचे आरक्षक को भी लगा करंट

रमेश को करंट लगने के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसकी मदद के लिए दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गुलाल वर्मा भी करंट की चपेट में आ गए और झुलस गए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल आरक्षक का इलाज जारी है।

👉पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

हादसे के बाद विधानसभा पुलिस ने मर्ग कायम कर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह उसके बाहरी हिस्से तक कैसे पहुंचा। हादसे के कारणों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

👉CSEB टीम ने वाटर कूलर और कनेक्शन की जांच की

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं CSEB की टीम ने थाना परिसर पहुंचकर वाटर कूलर और उससे जुड़े विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है। विद्युत विभाग की टीम करंट लीकेज की संभावित वजह और वाटर कूलर में मौजूद सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद हादसे की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।