CG :कांग्रेस नेता पर सरेराह जानलेवा हमला,CCTV में वारदात कैद ,सिर में गंभीर चोट, रायपुर रेफर ,4 आरोपी गिरफ्तार ,कानून व्यवस्था पर उठे सवाल !

अंबिकापुर । अंबिकापुर में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई युवक सड़क पर कांग्रेस नेता के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. मारपीट में गुरप्रीत सिंह को सिर और आंख के पास चोट लगी है. हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है. पुलिस ने इस वारदात मेें शामिल 4 आरोपियों को अरेस्ट किया है. वहीं अंबिकापुर जिले में घटित इस वारदात ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये है.

जानकारी के मुताबिक घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा की है. बताया जा रहा है कि 29 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे गुरप्रीत सिंह अपनी कार से घर पहुंचे थे. वह कार को पोर्च में खड़ा करने के लिए मोड़ रहे थे. इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला साहिल साहू कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और कथित तौर पर उनकी कार के सामने अपनी कार खड़ी कर दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया और कुछ ही देर में सड़क पर गुरप्रीत सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी गई. सामने आए CCTV फुटेज में कई युवक उन्हें घेरकर मारते दिखाई दे रहे हैं.

👉बचाव के लिए पहुंची पत्नी से भी मारपीट का आरोप

मारपीट की आवाज सुनकर गुरप्रीत सिंह की पत्नी गुरप्रीत कौर सिद्धू भी मौके पर पहुंचीं. आरोप है कि पति को बचाने की कोशिश के दौरान उनके साथ भी हाथापाई की गई. बताया गया कि साहिल साहू ने विवाद की जानकारी अपने पिता सुनील साहू को दी थी. इसके बाद सुनील साहू, संजीव चटर्जी समेत कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे. आरोप है कि इसके बाद विवाद और बढ़ गया और गुरप्रीत सिंह के साथ मारपीट की गई.

👉भाजपा नेता पर हमला करवाने का आरोप

कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने इस हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ होने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि दोनों के बीच पहले से विवाद रहा है और इसी वजह से उन पर हमला कराया गया. हालांकि, प्रकाश साहू ने इन आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि घटना के समय वह अपने घर पर थे. उन्होंने कहा कि गुरप्रीत सिंह के साथ उनका पुराना विवाद है और इसी वजह से उनका नाम इस मामले में जोड़ा जा रहा है.

घटना के बाद गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मणिपुर थाने पहुंचे. दूसरी तरफ प्रकाश साहू और उनके समर्थक भी थाने पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस ने FIR में लगाई गई धाराओं और नामजद आरोपियों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. पुलिस CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है.

👉सिर में चोट के बाद रायपुर रेफर

मारपीट के बाद गुरप्रीत सिंह को देर रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. वहां उनका मेडिकल परीक्षण और उपचार किया गया. सिर में गंभीर चोट की आशंका और लगातार चक्कर आने की शिकायत के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया. रात करीब 2 बजे उन्हें रायपुर के लिए रवाना किया गया. CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है. अब पुलिस की जांच में यह साफ होना बाकी है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका क्या थी.

मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर मणिपुर थाना पुलिस ने साहिल साहू, सुनील साहू, अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू, आयुष एवं अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 190, 191(2), 296, 351(3), 115(2), 333 व 109 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। इसके बाद प्रकरण में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नरीता सोरी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शशिकांत ठाकुर, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।