KORBA : ‘नेकी कर और मार खा’ वाली कहावत चरितार्थ ,शराबी का नशा कम करने की कोशिश भारी पड़ी,दूसरे ने लड़ाई छुड़ाई तो युवक- बहन की पिटाई …

कोरबा। ‘नेकी कर और मार खा’ वाली कहावत दो मामलों में चरितार्थ हुई है। एक मामले में शराब के नशे में धुत युवक का नशा कम करने की कोशिश महंगी पड़ गई। दूसरे मामले में दो दोस्तों की लड़ाई शांत होने के बाद छुड़ाने वाले युवक को ही निशाना बना लिया गया। उसकी बहन की भी बेल्ट और लात-घूंसों से पिटाई कर दी गई।

👉शराबी को लिफ्ट देना था, खुद पिट गया

बालकोनगर थाना क्षेत्र में नेहरूनगर निवासी एक मजदूर 27 अगस्त की दोपहर करीब 2.30 बजे ट्रैक्टर से सफेद ईंट डिंगापुर से परसाभाठा स्थित एक व्यक्ति के घर छोड़कर पेमेंट लेने गया था। पेमेंट नहीं मिलने पर वह बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान परसाभाठा बाजार के पास उसकी मुलाकात हेमंत चौधरी से हुई। हेमंत अपने दोस्तों के साथ शराब के नशे में था। उसने बाइक सवार युवक से उसे घर छोड़ने के लिए कहा। चूंकि हेमंत काफी नशे में था, इसलिए युवक ने उसके सिर पर पानी डाल कर नशा कम करने की कोशिश की। इससे गुस्सा होकर हेमंत चौधरी ने गाली-गलौज करते हुए दुर्गेश को जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद डंडे से उसके सिर और पीठ पर भी वार किया। मारपीट में युवक के सिर और पीठ में चोट आई। मामले में बालकोनगर पुलिस ने दुर्गेश की रिपोर्ट पर हेमंत चौधरी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

👉लड़ाई छुड़ाई तो खुद और बहन की कर दी पिटाई

दूसरा मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के गजरा बस्ती का है। यहां 28 अगस्त की शाम करीब 6 बजे कदम चौक के पास हीरानंद पटेल और राहुल पटेल आपस में लड़ रहे थे। दोनों को जानने वाले दोस्त सावन ने बीच-बचाव कर उनकी लड़ाई शांत करा दी और दोनों अपने-अपने घर चले गए। कुछ देर बाद राहुल पटेल अपने माता-पिता के साथ सावन के पास पहुंचा और, तू बहुत बड़ा नेता बनता है,हमारे लड़ाई में बीच-बचाव करने आया था, कहते हुए गाली-गलौच कर हाथ-मुक्के और बेल्ट निकाल कर मारपीट शुरू कर दी। भाई की पिटाई होते देख उसकी बहन बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी झापड़ व बेल्ट से मारपीट कर बहन के पेट में लात मारा।
मारपीट के बाद आरोपी जाते-जाते युवक को धमकी भी दे गया कि वह बाद में जहां मिलेगा, वहां उसे जान से मार देगा। इस मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने सावन की रिपोर्ट पर राहुल पटेल के खिलाफ धारा 115(2), 296 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।