कटनी।।कटनी के बहुचर्चित जमीन सौदेबाजी मामले में FIR दर्ज होने के बाद से निलंबित DSP नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी फरार चल रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी देश छोड़कर विदेश भागने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए कटनी पुलिस ने संबंधित एजेंसियों को लुकआउट सर्कुलर जारी कराने के लिए पत्र भेजा है।
👉एयरपोर्ट और इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर रहेगी नजर
लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद आरोपियों के किसी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट या इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर पहुंचने की स्थिति में उन्हें रोका जा सकेगा और संबंधित एजेंसियां तत्काल कटनी पुलिस को सूचना दे सकेंगी। पुलिस अब आरोपियों की संभावित गतिविधियों और ठिकानों पर लगातार नजर रख रही है।
👉कोर्ट से नहीं मिली राहत, अग्रिम जमानत याचिका खारिज

गिरफ्तारी से बचने के लिए निलंबित DSP नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज बारापात्रे ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। हालांकि, मामले की गंभीरता और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने दोनों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस और विशेष जांच टीम (SIT) की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
👉तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम
कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा के अनुसार, फरार चल रहे तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस और SIT की विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
👉निलंबित DSP के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई
जमीन सौदेबाजी मामले में अपने ही विभाग की निलंबित DSP समेत तीन आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। लुकआउट सर्कुलर की प्रक्रिया, इनाम की घोषणा और लगातार दबिश के जरिए पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने में जुटी है।
फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
